आजादी के बाद भी भारतीय नोटों पर हुआ करती थी इस अंग्रेज की फोटो, गांधी जी को ऐसे मिली जगह; दिलचस्प है कहानी
Rupee History भारत को आजादी मिलने के कुछ महीनों बाद तक ब्रिटिश क्राउन की फोटो नोटों पर छपा करती थी। आज के समय में भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी की जो फोटो छपती है उसके पीछे का इतिहास पुराना है। आजादी के कई साल बाद तक भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी की फोटो नहीं थी।

नई दिल्ली। अमेरिकी नोटों पर कई राष्ट्रपतियों और अन्य लोगों के चित्र होते हैं। वहीं, ब्रिटेन के नोटों पर राजा का चित्र होता है। लेकिन हर भारतीय नोट पर महात्मा गांधी की फोटो होती है। महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता कहा जाता है। भारत की आजादी के कई सालों बाद उनकी फोटो को भारत के नोटों पर छापने का फैसला लिया गया।
आजादी के बाद भी कुछ महीनों तक इंग्लैंड के राजा King George VI की फोटो भारतीय नोटों पर हुआ करती थी। आइए जानते हैं कि आखिर भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी की फोटो कब से छपना शुरू हुई और भारतीय नोटों का इतिहास (Rupee History) कैसा रहा है।
आजादी के बाद कब जारी हुआ था नए नोटों का डिजाइन?
15 अगस्त 1947 को हमारा भारत आजाद हुआ था। आजादी के बाद तुरंत नोटों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया। कुछ महीनों तक किंग जॉर्ज सिक्स (British portrait on Indian notes) की ही फोटो भारतीय नोटों पर छपी। लेकिन सरकार ने 1949 में 1 रुपये के नोट का एक नया डिजाइन जारी किया। इस नोट पर अशोक स्तंभ की तस्वीर थी।
1950 में, भारत गणराज्य के पहले बैंक नोट 2, 5, 10 और 100 रुपये के मूल्यवर्ग में जारी किए गए। इन सभी पर सिंह के आकार का वॉटरमार्क अंकित था।
1980 के दशक में वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति तथा भारतीय कला के प्रतीकों पर जोर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप 2 रुपये के नोट पर आर्यभट्ट उपग्रह, 5 रुपये पर कृषि यंत्रीकरण तथा 20 रुपये पर कोणार्क चक्र आदि की फोटो को अंकित किया जाने लगा।
भारतीय नोटों पर पहली बार कब छपे गांधी जी?
भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी की फोटो पहली बार 1969 में (Gandhi on currency) छपी थी। उनकी 100वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष श्रृंखला जारी की गई थी। 100 रुपये के नोट पर महात्मा गांधी की फोटो छापी गई थी।
आरबीआई गवर्नर एलके झा के हस्ताक्षर वाली इस श्रृंखला में गांधी को सेवाग्राम आश्रम की पृष्ठभूमि में दर्शाया गया था। इसके बाद, अक्टूबर 1987 में, गांधी जी की तस्वीर वाले 500 रुपये के नोट जारी किए गए।
किस नियम के तहत नोटों की डिजाइन को बदला जाता है?
आरबीआई अधिनियम, 1934 की धारा 25 के अनुसार बैंक नोटों का डिजाइन, रूप और सामग्री ऐसी होगी जिसे केंद्रीय बोर्ड द्वारा की गई सिफारिशों पर विचार करने के बाद केंद्र सरकार द्वारा अनुमोदित किया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।