जिसने सिखाया रील बनाना, उस TikTok की भारत में वापसी? कंपनी ने निकाली बंपर वैकेंसी; क्या है सरकार का रिएक्शन?
चाइनीज़ एप टिकटॉक (TikTok) की पैरेंट कंपनी बाईडांस (ByteDance) ने गुरुग्राम ऑफिस के लिए अलग-अलग पदों पर वैकेंसी (TikTok Vacancy 2025) निकाली है। इनमें एचआर कस्टमर सपोर्ट बंगाली भाषी कंटेंट मॉडरेटर नेपाली भाषा के स्पीकर ऑपरेशन एनालिस्ट अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम- ट्रस्ट एंड सेफ्टी और वेलबीइंग पार्टरनशिप एंड ऑपरेशन जैसी नौकरियां शामिल हैं। इसकी जानकारी कंपनी ने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए दी।

नई दिल्ली| जिस एप ने दुनिया को शॉर्ट वीडियो और रील बनाना सिखाया, वही एप एक बार फिर भारत में एंट्री के लिए तैयार है। चाइनीज़ एप टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाईडांस (ByteDance) ने गुरुग्राम ऑफिस के लिए अलग-अलग पदों पर वैकेंसी (TikTok Vacancy 2025) निकाली है।
इनमें एचआर, कस्टमर सपोर्ट, बंगाली भाषी कंटेंट मॉडरेटर, नेपाली भाषा के स्पीकर, ऑपरेशन एनालिस्ट अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम- ट्रस्ट एंड सेफ्टी और वेलबीइंग पार्टरनशिप एंड ऑपरेशन जैसी नौकरियां शामिल हैं। इसकी जानकारी कंपनी ने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए दी।
खास बात यह है कि कंपनी ने वैकेंसी ऐसे समय निकाली हैं, जब पीएम नरेंद्र मोदी चीन दौरे पर हैं और राष्ट्रपति शी चिनफिंग (PM Modi and XI Jinping) से द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा कर रहे हैं।
हालांकि, भारत सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि साल 2020 में लगाए गए प्रतिबंध को हटाने का कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है। और सभी चाइनीज़ एप भारत में अब भी बैन हैं। लेकिन ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर टिकटॉक के लिए भारत क्यों जरूरी है?
TikTok के लिए क्यों अहम है भारत?
भारत में जब TikTok पर पाबंदी लगाई गई थी, तब देश में उसके यूजर 20 करोड़ से ज्यादा थे। भारत कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा मार्केट था। इसके अलावा भारत दुनिया का सबसे बड़ा इंटरनेट बाजार है। यहां यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म्स का क्रेज अब भी बरकरार है।
यह भी पढ़ें- सस्ते रूसी तेल से एक साल में भारत के कितने पैसे बचे? ग्लोबल रिसर्च फर्म ने जारी की रिपोर्ट; हैरान कर देंगे आंकड़े
TikTok के बैन होने के बाद इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और कई इंडियन ऐप्स जैसे Moj और Josh ने बाजार पर कब्जा किया। लेकिन TikTok जानता है कि भारतीय यूजर बेस के बिना उसकी पकड़ अधूरी है। यही वजह है कि टिकटॉक (TikTok) भारत में फिर से जगह बनाने की तैयारी कर रहा है।
दुनिया में 120 करोड़ से ज्यादा हैं यूजर्स
आज TikTok के दुनिया भर में 120 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर हैं। अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई देशों में इसकी धाक है। लेकिन भारत के 60 करोड़ से ज्यादा इंटरनेट यूजर्स उसके लिए एक सुनहरा मौका हैं।
क्या TikTok की वापसी आसान होगी?
भारत सरकार ने साल 2020 में सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी को लेकर TikTok समेत 58 चीनी एप्स पर रोक लगाई थी। अगर कंपनी अब भारत आना चाहती है तो उसे इन मसलों का हल निकालना ही होगा। डेटा लोकलाइजेशन और सरकार की शर्तों को मानना उसकी पहली प्राथमिकता होगी।
क्या होगा TikTok का अगला कदम?
भारत में नई भर्ती करना यह दिखाता है कि TikTok सिर्फ इंतजार नहीं कर रहा, बल्कि रणनीति बनाकर कदम बढ़ा रहा है। अगर यह ऐप फिर से लॉन्च होता है तो यहां की डिजिटल इकोनॉमी में बड़ा बदलाव आ सकता है। कंटेंट क्रिएटर्स को नया मंच मिलेगा और सोशल मीडिया का खेल और भी दिलचस्प हो जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।