सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता से निकलकर दुनिया पर छाने वाले 'डिब्बाबंद रसगुल्ले' की कहानी, 96 साल पहले केसी दास ने किया था कमाल!

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:11 PM (IST)

कोलकाता के मशहूर केसी दास ने डिब्बाबंद रसगुल्ले की शुरुआत की थी, जिससे मिठाइयों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना ...और पढ़ें

इस भारतीय ने पेश किया था डिब्बाबंद रसगुल्ला (AI फोटो)

इस भारतीय ने पेश किया था डिब्बाबंद रसगुल्ला (AI फोटो)

HighLights

  1. केसी दास ने डिब्बाबंद रसगुल्ले की शुरुआत कर मिठाई उद्योग बदला

  2. कृष्ण चंद्र दास ने 1930 में कैन पैकिंग की शुरुआत की

  3. इस पहल से भारतीय मिठाइयों को वैश्विक पहचान मिली

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत में त्योहारों का जश्न मिठाइयों के बिना अधूरा माना जाता है। खासकर दिवाली के दौरान मिठाई की दुकानों से लेकर बाजारों तक रौनक देखने को मिलती है। लोग अपने करीबियों को सोनपापड़ी, काजू कतली, गुलाब जामुन और रसगुल्ले जैसे पारंपरिक पकवान भेंट करते हैं।
इनमें डिब्बे में मिलने वाले रसगुल्लों की भी खूब मांग रहती है। लेकिन क्या आपको मालूम है कि इस लोकप्रिय पैक्ड मिठाई (डिब्बाबंद रसगुल्ला) की शुरुआत किसने की थी? इसके पीछे कोलकाता के एक पुराने मिठाई कारोबारी का नाम जुड़ा है, जिसने करीब एक सदी पहले मिठाई की दुनिया में नई शुरुआत की थी।

ये भी पढ़ें - भारत के सबसे पुराने हलवाई: 231 साल का इतिहास; लाहौर-कराची वालों का स्वाद दिल्ली-मुंबई वालों को खूब भाया

कोलकाता का मशहूर केसी दास (K.C. Das History)

कोलकाता के मशहूर केसी दास हलवाई को डिब्बाबंद रसगुल्ले की ऐतिहासिक शुरुआत के लिए जाना जाता है। उनके कारोबार की नींव साल 1866 में रखी गई थी। इसकी शुरुआत कृष्ण चंद्र दास ने नहीं, बल्कि उनके पिता नोबिन चंद्र दास ने की थी।
बाद में कृष्ण चंद्र दास (यही केसी दास थे) ने पारिवारिक कारोबार को आगे बढ़ाया और मिठाइयों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। आज भी केसी दास का नाम देश के पुराने और प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारियों में गिना जाता है।

साल 1930 रहा अहम

केसी दास ब्रांड के इतिहास में सबसे अहम पड़ाव साल 1930 रहा। इसी साल कृष्ण चंद्र दास ने रसगुल्लों को टिन के डिब्बों में पैक करके बाजार में उतारा। उस दौर में मिठाइयों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना और उन्हें दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाना आसान नहीं था।
कैन पैकिंग की इस पहल ने इन मुश्किलों को काफी हद तक दूर कर दिया। इसी उपलब्धि के कारण कृष्ण चंद्र दास को डिब्बाबंद रसगुल्ले और रसमलाई को लोकप्रिय बनाने का श्रेय दिया जाता है।

मिली इंटरनेशनल पहचान

केसी दास की यह पहल केवल भारतीय बाजार तक सीमित नहीं रही। डिब्बों में पैक रसगुल्ले विदेशों तक पहुंचे और भारतीय मिठाई को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मददगार बने। इसे वैश्विक बाजार में पहुंचने वाली शुरुआती डिब्बाबंद भारतीय मिठाइयों में शामिल किया जाता है।
इस तरह एक पारंपरिक बंगाली मिठाई को आधुनिक पैकेजिंग के जरिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का रास्ता खुला।

कितना है दाम?

केसी दास की वेबसाइट पर दी गई कीमतों के मुताबिक, 20 पीस वाले कैन्ड रसगुल्लों का डिब्बा 256.20 रुपये में उपलब्ध है। इसी वजन और पीस वाले कैन्ड कालाजामुन और गुलाब जामुन की कीमत भी 252.40 रुपये रखी गई है। यानी कंपनी आज भी पारंपरिक मिठाइयों को पैक्ड फॉर्म में ग्राहकों तक पहुंचा रही है।

थाली का दाम प्राइस कितना?

मिठाइयों के अलावा केसी दास खाने की थालियां भी उपलब्ध कराता है। इसकी मोहाभोज थाली की कीमत 329 रुपये और तृप्ति भोज थाली की कीमत 209 रुपये बताई गई है। करीब 160 साल पुराने इस कारोबार की कहानी बताती है कि परंपरागत मिठाई को नई तकनीक और पैकेजिंग से जोड़कर किस तरह एक बड़ा बिजनेस खड़ा किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें - ₹30 थी पगार, आज दुबई के शेख भी मुरीद: ऊंची-ऊंची इमारतें बनाने वाले मास्टरमाइंड की कहानी; कभी पेन खरीदने के नहीं थे पैसे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।