30000 करोड़ का सवाल है! संजय की संपत्ति का असली वारिस कौन, करिश्मा का कितना हक, फैमिली के करीबी ने कर दिया साफ
मशहूर बिजनेसमैन और बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर के बिजनेस साम्राज्य पर हक को लेकर विवाद चल रहा है। इस बीच कपूर फैमिली के करीबियों ने दावा किया है कि करिश्मा का संजय की संपत्ति पर कोई हक नहीं है सिर्फ उनके बच्चे अपने पिता की विरासत के कानूनी हकदार हैं।

नई दिल्ली। मशहूर बिजनेसमैन संजय कपूर (Sunjay Kapur Legal Heirs) की मौत के बाद उनके फैमिली में 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। इस बीच खबर आई है कि संजय कपूर की एक्स वाइफ करिश्मा कपूर (Karishma Kapoor Rights) को उनकी प्रॉपर्टी में से कुछ नहीं मिलेगा। टाइम्स एंटरटेनमेंट की रिपोर्ट में कपूर फैमिली के करीबी सूत्रों ने दावा किया है कि संजय कपूर की संपत्ति में करिश्मा कपूर का कोई इनवॉल्वमेंट नहीं है, सिर्फ संजय और करिश्मा के बच्चे समायरा कपूर और कियान राज कपूर, इस पैतृक संपत्ति के कानूनी हकदार होंगे।
12 जून को सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का लंदन में पोलो खेलते वक्त दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। असमय हुई उनकी इस मौत से फैमिली से लेकर कंपनी के लोग तक दुखी हैं। सबसे बड़ा संकट उनकी 30000 करोड़ कंपनी के हक को लेकर है। हाल ही में संजय की मां रानी कपूर ने कंपनी और सेबी को एक लेटर लिखकर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें उन्होंने यहां तक कहा था कि उनकी बिजनेस विरासत को हड़पने की कोशिश की जा रही है।
कपूर फैमिली के करीबी सूत्रों ने क्या कहा
दरअसल, ऐसी खबरें आ रही हैं कि करिश्मा कपूर भी संजय कपूर की संपत्ति में अपने हिस्से को लेकर दावा ठोंक सकती हैं। लेकिन, संजय कपूर के करीबी सूत्रों ने कहा कि करिश्मा का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। क्योंकि, संजय की संपत्ति पर उनका कोई हक नहीं बनता है, उनकी सिर्फ एक ही चिंता अपने बच्चों का बेहतर भविष्य है।
संजय और करिश्मा कपूर की शादी 2003 में हुई थी और 13 साल बाद वे 2016 में तलाक लेकर अलग हो गए थे। दोनों के 2 बच्चे समायरा और कियान राज कपूर हैं। फैमिली से जुड़े सभी सूत्रों ने कंफर्म किया है कि दोनों बच्चे, अपने पिता संजय कपूर की विरासत व संपत्ति के कानूनी हकदार हैं और उन्हें वह सब मिलेगा जो उन्हें मिलना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।