प्रयागराज का ये लड़का है भारत का सबसे अमीर टीचर, कभी साइकिल लेने के नहीं थे पैसे; आज ₹30 हजार करोड़ की कंपनी का मालिक
Physics Wallah के फाउंडर अलख पांडे भारत के सबसे अमीर टीचर (India Richest Teacher Alakh Pandey) हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले मे हुआ था। खुद उन्होंने 12वीं तक की ही पढ़ाई की है लेकिन 30 हजार करोड़ रुपये की कंपनी खड़ी कर दी है। उन्होंने ने तीसरे साल ही कॉलेज छोड़ दिया था। उनकी नेटवर्थ 4000 करोड़ (Alakh Pandey net worth) से अधिक है।

नई दिल्ली। Alakh Pandey Net Worth: आज पूरे भारत में शिक्षक दिवस (Happy Teachers Day 2025) मनाया जा रहा है। यह दिन पूरी तरह से हिंदुस्तान के महान शिक्षकों के लिए समर्पित है। शिक्षक ही किसी राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव तैयार करता है। एक शिक्षक पूरे देश की दिशा और दशा बदल देता है। शिक्षकों की बदौलत ही आज भारत की दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाया है। भारतीय संस्कृति में शिक्षक को भगवान से भी ऊपर रखा गया है। हिंदुस्तान की धरती में एक से बढ़कर एक महान शिक्षक हुए हैं। वर्तमान समय में ऐसे शिक्षक है जो करोड़ों छात्रों के दिलों में बसते हैं। सिर्फ पढ़ाई ही नहीं कमाई के मामले में भी ये बड़े-बड़े अरबपतियों को पीछे छोड़ चुके हैं।
आज हम आपको भारत के सबसे अमीर शिक्षक के बारे में बताएंगे, जिनका संबंध उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हैं। ये कोई और नहीं बल्कि फिजिक्स वाला के फाउंडर अलख पांडे (Alakh Pandey) हैं। उनकी जर्नी बहुत ही संघर्षमयी रही है। आज वह 30 हजार करोड़ रुपये की कंपनी के मालिक है। उनकी नेटवर्थ 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। आइए शिक्षक दिवस के मौके पर उनकी पूरी कहानी जानते हैं।
UP के प्रयागराज में हुआ था Alakh Pandey का जन्म
Physics Wallah के फाउंडर और CEO Alakh Pandey का जन्म उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) में 2 अक्टूबर 1991 हुआ था। उनका परिवार आम मिडिल क्लास की तरह ही था। घर की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। लेकिन उन्हें फिजिक्स पढ़ना और पढ़ाने में उन्हें बहुत मजा आता था। इसलिए उन्होंने 12वीं कक्षा से ही कोचिंग पढ़ाना शुरू कर दिया था।
15 साल पहले ही शुरू कर दिया था पढ़ाना
अलख पांडे खुद बताते हैं कि जब वह 12वीं क्लास में तभी से उन्होंने कोचिंग पढ़ाना शुरू कर दिया था। प्रयागराज के लूकरगंज स्थिति ब्राइट कोचिंग से उन्हें कोचिंग पढ़ाना शुरू किया था। वह कहते हैं कि फिजिक्स वाला की शुरुआत 15 साल पहले ही हो गई थी, जब उन्होंने कोचिंग पढ़ाना शुरू कर दिया था। उस समय वह साइकिल से कोचिंग पढ़ाने जाया करते थे।
बिका गया था घर
अलख पांडे बताते हैं कि जब वह तीसरी कक्षा में थे तो उनका आधा घर बिक गया था और छठी क्लास में आते-आते उनका पूरा घर बिक गया। और उनका परिवार किराए के मकान पर रहने लगा। अलख को उसी समय एहसास हो गया था कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं है।
अलख बताते हैं कि जब वह छोटे थे तो उनके पापा के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह उन्हें साइकिल दिला पाए। लेकिन बाद में उनके पिता ने उन्हें साइकिल दिलाई।
Alakh Pandey ने बीच में छोड़ था कॉलेज
अलख पांडे बताते हैं कि IIT की तैयारी के लिए कोचिंग नहीं की थी। इतने नंबर आ गए थे कि यूपी के टॉप सेकेंड इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला मिल गया था। उन्होंने कानपुर का Harcourt Butler कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया था। लेकिन उन्हें मजा नहीं आ रहा था। इसलिए तीसरे साल उन्होंने कॉलेज छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- अपनी PA के साथ 'प्यार की मैगी' बना रहे थे CEO, कंपनी ने कर दिया फायर; 40 साल की वफादारी भी नहीं बचा सकी नौकरी
अलख अपने चैनल पर 11वीं, 12वीं और JEE का सिलेबस पढ़ाते थे। वह बताते हैं कि जब उन्होंने कॉलेज छोड़ था तो घर वाले बहुत गुस्सा हुए थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, "जब मैंने कॉलेज छोड़ा था तो पापा ने कहा था कि अगर खानदान में सबको पता चलेगा तो वो लोग क्या कहेंगे। अगर तुम्हें ट्यूशन ही पढ़ाना था तो क्यों इंजीनियरिंग करने कानपुर गए थे।"
कोचिंग से निकाले गए अलख तो खोला YouTube चैनल
अलख पांडे ने एक इंटरव्यू में बताया था कि कॉलेज छोड़ने के बाद उन्होंने कोचिंग पढ़ाना शुरू कर दिया था। लेकिन डिग्री न होने की वजह से उन्हें निकाल दिया गया था। इसके बाद उन्होंने कुछ लोगों के साथ मिलकर कोचिंग खोली वह भी नहीं चली। इसलिए 2015 में उन्होंने खुद का यूट्यूब चैनल PHYSICS WALLAH की 2015 में शुरुआत की। चैनल उन्होंने 2014 में हो शुरू कर दिया था। एक साल में उनके चैनल पर 50 हजार सब्सक्राइबर हो चुके थे।
2020 में लॉन्च किया एंड्रॉयड ऐप
2019 में, उनके साथ आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र प्रतीक माहेश्वरी भी शामिल हुए, जिन्होंने पेन पेंसिल, नाइट पांडा और मून 2 नून जैसे स्टार्टअप शुरू किए। अलख ने ऐप डेवलपमेंट पर लगभग 15 लाख रुपये का निवेश किया, जो उन्होंने यूट्यूब चैनल से कमाया था। जून 2020 में उन्होंने प्रतीक के साथ मिलकर फिजिक्स वाला प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी को रजिस्टर्ड कराया।
प्रतीक ही वह तकनीकी व्यक्ति थे जिन्होंने मई 2020 में अलख को PW ऐप लॉन्च करने में मदद की थी। इतने ज्यादा डाउनलोड हुए कि ऐप पहले ही दिन क्रैश हो गया; सात दिनों में तीन लाख डाउनलोड हो गए।
पीडब्ल्यू (PW) ने अपना पहला कोर्स, लक्ष्य ( Physics For JEE), मात्र 999 रुपये की किफायती कीमत पर लॉन्च किया, तो इसे पूरे भारत के छात्रों से भारी प्रतिक्रिया मिली। लगभग 70,000 छात्रों ने छह महीने के इस कोर्स के लिए साइन अप किया और PW को भारी राजस्व अर्जित करने में मदद की। 2021 में, PW ऐप पर 2.1 मिलियन साइनअप हुए।
पहली फंडिंग उठाते ही बन गया भारत का 101वां यूनिकॉर्न
फिजिक्स वाला ने अपनी पहली फंडिंग जून 2022 में उठाई थी। सीरीज ए की राउंड में PHYSICS WALLAH ने 100 मिलियन डॉलर की फंडिंग उठाकर भारत का 101वां यूनिकॉर्न बन गया था। इस फंडिंग के साथ ही कंपनी 1.1 बिलियन डॉलर के मूल्यांकन के साथ यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हो गई। इस फंडिंग का उद्देश्य व्यवसाय का विस्तार, ब्रांडिंग और अधिक ऑफलाइन शिक्षण केंद्र खोलना था।
अब तक फिजिक्स वाला ने 2 राउंड की फंडिंग उठाई है। Physics Wallah ने दूसरी फंडिंग 20 सितंबर 2024 को 210 मिलियन डॉलर की उठाई थी। वर्तमान में कंपनी वैल्यूएशन करीब 3.7 बिलियन डॉलर (लगभग 32 हजार करोड़ रुपये) है। 31 मार्च 2024 तक कंपनी का सालाना रेवेन्यू 2020 करोड़ रुपये था।
कितनी है अलख पांडे की नेटवर्थ । Alakh Pandey Net Worth
फिजिक्स वाला के फाउंडर अलख पांडे की 2025 तक कुल नेटवर्थ (Physics Wallah Founder Alakh Pandey Net Worth) लगभग 4500 करोड़ रुपये है। हालांकि, उनकी नेटवर्थ के बारे में आधिकारिक रूप से कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। यह एक अनुमानित आय है। क्योंकि उनकी नेटवर्थ को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं।
भारत का सबसे अमीर टीचर कौन?
अलख पांडे भारत के सबसे अमीर टीचर है। उनकी नेटवर्थ करीब 4500 करोड़ रुपये है। 2 अक्टूबर 1991 को जन्मे अलख पांडे ने बहुत कम समय में बतौर शिक्षक खूब नाम कमाया है। इसलिए सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि वह पूरे भारत के सबसे अमीर टीचर हैं।
IPO ला रहा Physics Wallah
फिजिक्स वाला करीब 4600 करोड़ रुपये का आईपीओ (Physics Wallah IPO) भी ला रहा है। इसके लिए उसे सेबी से मंजूरी भी मिल गई है। इस आईपीओ में पूंजी जुटाने के लिए एक नया इश्यू और शुरुआती निवेशकों को अपनी हिस्सेदारी आंशिक रूप से बेचने के लिए एक ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।