Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    तमाम आर्थिक चुनौतियों के बीच आई अच्छी खबर, अक्टूबर में 17 फीसदी बढ़ा वस्तु निर्यात

    Updated: Fri, 15 Nov 2024 02:16 PM (IST)

    यूरोप और अमेरिका से क्रिसमस बिक्री की मजबूत मांग से अक्टूबर के वस्तु निर्यात में बड़ा इजाफा हुआ है। निर्यात में तेजी बनी रहने की उम्मीद है और चालू वित्त वर्ष में वस्तु व सेवा निर्यात को मिलाकर कुल निर्यात 800 अरब डॉलर के पार जाने की उम्मीद है। भारत मुख्य रूप से 20 देशों में अपने निर्यात को बढ़ाने पर फोकस कर रहा है।

    Hero Image
    अक्टूबर में 66.3 अरब डॉलर का आयात किया गया।

    बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। इस साल अक्टूबर महीना वस्तु निर्यात के लिए बेहद अच्छा रहा। अक्टूबर में 39.20 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात किया गया, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। पिछले दस सालों में अक्टूबर में होने वाला यह सबसे अधिक निर्यात है। इस साल सितंबर के वस्तु निर्यात में सिर्फ 0.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अक्टूबर में इंजीनियरिंग गुड्स, इलेक्ट्रानिक्स, यार्न, फैबरिक, रेडीमेड गारमेंट्स, हैंडीक्राफ्ट्स, लेदर, फार्मा जैसे रोजगारपरक सेक्टर के निर्यात बढ़ने से वस्तुओं के कुल निर्यात में तेजी आई है। इससे नए रोजगार निकलेंगे और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

    अक्टूबर में सालाना किन चीजों का कितना बढ़ा निर्यात?

    वस्तु  बढ़ोतरी (प्रतिशत में)
    इंजीनियरिंग गुड्स  39.37
    इलेक्ट्रॉनिक्स  45.69
    रेडीमेड गारमेंट्स  35.06
    हैंडीक्राफ्ट्स  32.66
    फार्मा  8.21
    लेदर उत्पाद  12.33
    चावल  85

    स्त्रोत: वाणिज्य मंत्रालय

    निर्यात में कैसे हुई वृद्धि?

    वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने बताया कि यूरोप और अमेरिका से क्रिसमस बिक्री की मजबूत मांग से अक्टूबर के वस्तु निर्यात में इतना इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि निर्यात में तेजी बनी रहने की उम्मीद है और चालू वित्त वर्ष में वस्तु व सेवा निर्यात को मिलाकर कुल निर्यात 800 अरब डॉलर के पार जाने की उम्मीद है।

    उन्होंने बताया कि भारत मुख्य रूप से 20 देशों में अपने निर्यात को बढ़ाने पर फोकस कर रहा है। इन 20 देशों में दुनिया का 60 प्रतिशत व्यापार होता है। भारत सबसे अधिक निर्यात अमेरिका में करता है।

    कितना रहा आयात?

    अक्टूबर में 66.3 अरब डॉलर का आयात किया गया और इस वजह से व्यापार घाटा 27 अरब डॉलर का हो गया। इस बारे में बर्थवाल ने कहा कि देश आर्थिक विकास कर रहा होता है तो आयात बढ़ता है। दूसरी बात कि हम कई ऐसी वस्तुओं का आयात करते हैं जिनका इस्तेमाल निर्यात होने वाले आइटम के निर्माण में किया जाता है। इससे भी हमारे आयात में बढ़ोतरी हुई है।

    सोने-चांदी का आयात घटा

    अक्टूबर के दौरान सोने और चांदी के आयात में कुछ कमी आई है। यह क्रमशः 7.13 अरब डॉलर और 0.33 अरब डॉलर रहा। अक्टूबर 2023 में यह क्रमशः 7.23 अरब डॉलर और 1.31 अरब डॉलर पर था। वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि निर्यात के लिए अक्टूबर का महीना काफी अच्छा रहा है और अगर यह रफ्तार बनी रही, इस साल 800 अरब डॉलर के एक्सपोर्ट (गुड्स एंड सर्विसेज) का आंकड़ा पार हो जाएगा।

    यह भी पढ़ें : Petrol Diesel Price: क्रूड का और गिरेगा भाव, पेट्रोल-डीजल कब होगा सस्ता?