Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    अक्टूबर में 6.21 प्रतिशत बढ़कर 33.57 अरब डालर रहा वस्तु निर्यात, व्यापार घाटा भी बढ़ा

    By AgencyEdited By: Gaurav Kumar
    Updated: Wed, 15 Nov 2023 08:14 PM (IST)

    इस साल अक्टूबर में वस्तु निर्यात 6.21 प्रतिशत बढ़कर 33.57 अरब डॉलर तक पहुंच गया। बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में आयात बढ़कर 65.03 अरब डॉलर हो गया जो पिछले साल की समान अवधि में 57.91 अरब डॉलर था। हालांकि अगर चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर तक वस्तुओं के निर्यात की बात करें तो ये सात फीसदी गिरकर 244.89 अरब डॉलर पर आ गया।

    Hero Image
    अक्टूबर में 30 प्रमुख क्षेत्रों में से 22 में सकारात्मक वृद्धि देखी गई।

    पीटीआई, नई दिल्ली। इस साल अक्टूबर में वस्तुओं का निर्यात 6.21 प्रतिशत बढ़कर 33.57 अरब डॉलर रहा है। बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में आयात बढ़कर 65.03 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 57.91 अरब डॉलर था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बढ़ा व्यापार घाटा

    अक्टूबर में व्यापार घाटा बढ़कर 31.46 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल की समान अवधि में व्यापार घाटा 26.31 अरब डॉलर था।

    हालांकि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान वस्तुओं के निर्यात की बात करें तो यह सात प्रतिशत घटकर 244.89 अरब डॉलर रहा। वहीं आयात इस दौरान 8.95 प्रतिशत घटकर 391.96 अरब डॉलर रहा।

    खास बात यह है कि फरवरी-जुलाई के दौरान देश का निर्यात नकारात्मक दायरे में था। मंत्रालय द्वारा संख्या में संशोधन के बाद अगस्त में इसमें 3.88 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि देखी गई, लेकिन सितंबर में इसमें 2.6 प्रतिशत की गिरावट आई।

    आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में 30 प्रमुख क्षेत्रों में से 22 में सकारात्मक वृद्धि देखी गई। इसी तरह दिसंबर 2022 से सितंबर 2023 के दस महीनों की नकारात्मक वृद्धि के बाद आयात भी बढ़ा है।

    किन उत्पादों का कितना आयात?

    अक्टूबर में जिनका सबसे ज्यादा आयात किया गया, उसमें दालें (112.2 प्रतिशत), फल और सब्जियां (53.4 प्रतिशत), अलौह धातु (21.24 प्रतिशत) और इलेक्ट्रानिक्स सामान (26 प्रतिशत) शामिल हैं।

    इस दौरान सोने का आयात 95.5 प्रतिशत बढ़कर 7.23 अरब डॉलर हो गया। अक्टूबर में तेल का आयात भी आठ प्रतिशत बढ़कर 17.66 अरब डॉलर रहा।

    इनके निर्यात में हुई वृद्धि

    लौह अयस्क, मांस, डेयरी और पोल्ट्री उत्पाद, फार्मा, इलेक्ट्रानिक सामान, कालीन, प्लास्टिक, समुद्री और इंजीनियरिंग के सामानों के निर्यात में हुई वृद्धि। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा,

    मुझे उम्मीद है कि हम पिछले साल के आंकड़ों को पार कर जाएंगे। कमोडिटी की कीमतों में गिरावट के बावजूद सकारात्मक वृद्धि हुई है। हम इंतजार कर रहे हैं और वैश्विक स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

    व्यापार के आंकडें निर्यात क्षेत्र में पुनरोद्धार का संकेत है। विकसित अर्थव्यवस्थाओं में ब्याज दरें और मुद्रास्फीति अभी भी ऊंची हैं। हम निर्यात के अवसर तलाशने के लिए नए बाजारों पर विचार कर रहे हैं।

    28.7 अरब डॉलर रह सकता है सेवा निर्यात

    अक्टूबर में सेवाओं का निर्यात 28.7 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। पिछले साल की समान अवधि में यह 25.3 अरब डॉलर था। वहीं सेवाओं का आयात 13.51 अरब डॉलर के मुकाबले 14.32 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। अप्रैल से अक्टूबर, 2023 के दौरान निर्यात की गई सेवाओं का अनुमानित मूल्य 192.65 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। पिछले साल की समान अवधि में यह 181.37 अरब डॉलर रहा था।