KK Pathak IAS Bihar: केके पाठक ने दिल्ली जाने से पहले दिया तोहफा, डबल हो गई इन कर्मचारियों की सैलरी
केके पाठक के दिल्ली जाने से पहले बेतिया राज के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी आई है। राजस्व परिषद ने कर्मचारियों के मानदेय को दोगुना कर दिया है। मंदिर के पुजारी सेवादार और सिपाहियों का वेतन भी बढ़ाया गया है। सरकार की न्यूनतम मजदूरी नीति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस फैसले से कर्मचारियों में खुशी की लहर है। केके पाठक का इसमें अहम योगदान रहा।

जागरण संवाददाता, बेतिया। बेतिया राज के कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। राज की ओर से स्थापित मंदिरों के पुजारियों और टहलुओं तथा राज के सिपाहियों का मानदेय भी बढ़ा है। मंदिरों के भोग की राशि भी बढ़ा दी गई है। सरकार की ओर से न्यूनतम मजदूरी को ध्यान में रखकर मानदेय में बढ़ोतरी किया गया है। इस बावत राजस्व पर्षद की ओर से पत्र जारी किया गया है।
मानदेय पर कार्यरत सिपाहियों को प्रतिमाह 1800 के बदले अब 11,440 रुपये मिलेंगे। झाड़ूकश को 1350 रुपये के बदले 11,024 रुपये व कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रतिमाह 10,000 के बदले 18,154 रुपये दिया जाएगा। चालक को 7826 के बजाय 11,440 रुपये प्रतिमाह मिलेगा। पार्ट टाइम चपरासी को अब 11,024 प्रतिमाह मिलेगा, लेकिन अब इन्हें फुल टाइम काम करना होगा। इन्हें पहले 900 रुपये मासिक मिलता था।
मंदिरों के पुजारी, सहायक पुजारी और टहलुओं (सेवादार) को मिलने वाली राशि दोगुनी कर दी गई है। पुजारी और सहायक पुजारी को 900 के बदले 1800 रुपये तथा टहलुओं को 600 के बदले 1200 रुपये प्रतिमाह मिलेगा। मंदिरों में भगवान को भोग लगाने वाली राशि भी बढ़ा दी गई है।
लिपिक, कार्यालय परिचारी व चतुर्थ वर्गीय कर्मियों के मानदेय में कई गुना की बढ़ोतरी हुई है। इन्हें अब प्रतिमाह सम्मानजनक राशि मिलेगी। लंबे अरसे के बाद मानदेय बढ़ोतरी से राज के कर्मचारियों में खुशी की लहर है। बेतिया राज बिहार सरकार के अधीन होते ही कर्मचारियों के लिए यह पहला तोहफा माना जा रहा है।
मजदूर से भी कम राशि पाते थे बेतिया राज के कर्मी
पहले बेतिया राज के कर्मियों को मजदूर से भी कम मानदेय मिलता था। कर्मी अपना मानदेय किसी को बताने में शर्म महसूस करते थे, लेकिन मानदेय बढ़ोतरी से कर्मियों में ऊर्जा का संचार हुआ है। राज के कर्मचारियों के मानदेय बढ़ोतरी में राजस्व पर्षद के तत्कालीन अध्यक्ष केके पाठक (KK Pathak) का अहम योगदान माना जा रहा है।
गौरतलब है कि राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य केके पाठक को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने को लेकर विरमित कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार (26 अप्रैल) को इस आशय की अधिसूचना जारी की। उन्हें केंद्र में अपर सचिव मंत्रिमंडल सचिवालय के पद पर नियुक्त किया गया है।
बता दें की बेतिया राज के कर्मचारी लंबे अरसे से मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। कर्मचारियों के मांग पर राज व्यवस्थापक ने भी मानदेय बढ़ोतरी की अनुशंसा की थी। इसके पूर्व वर्ष 2013 में कर्मचारियों के मानदेय में मामूली बढ़ोतरी हुई थी।
जमीन छोड़ने पर मानदेय बढ़ोतरी का मिलेगा लाभ
राजस्व परिषद के सचिव गिरिवर दयाल सिंह की और से जारी पत्र में मानदेय बढ़ोतरी के लाभ के लिए कुछ शर्त लगाई गई है।
सचिव ने कहा है कि पूर्व में उन्हें मिलने वाली कम राशि के एवज में बेतिया राज के कुछ कर्मियों को राज से एक-दो एकड़ जमीन मिला है। वैसे कर्मियों को मानदेय बढ़ोतरी का लाभ तभी मिलेगा, जब वे इस जमीन को राज को वापस लौटाए या उक्त जमीन के बदले राजकोष में राशि जमा करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।