67 पाये पर टिका है 4988 करोड़ का नीतीश सेतु, 100 KM की रफ्तार से गुजर सकेंगे वाहन; 21 को PM मोदी देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को राजापाकर में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर राघोपुर में बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं।

उद्घाटन को तैयार कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु। जागरण
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन हेतु तीन हेलीपैड का निर्माण।
बिदुपुर-कच्ची दरगाह नीतीश सेतु उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर।
महासेतु से गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा।
रविकांत सिंह, राघोपुर (वैशाली)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राघोपुर में बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं।
जिला प्रशासन की देखरेख में दिन-रात काम चल रहा है। रुस्तमपुर पंचायत के जमालपुर गांव में पाया नंबर 27 के पूरब करीब 20 से 25 एकड़ जमीन पर साफ-सफाई कर तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि प्रधानमंत्री का हेलीकाॅप्टर यहीं उतरेगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से जाफरपट्टी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे तकनीक है खासियत
महासेतु का मुख्य स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है। फिनिशिंग, सड़क चिह्नांकन एवं सुरक्षा से जुड़े कार्य अंतिम चरण में हैं। 22.76 किलोमीटर लंबे इस महासेतु में गंगा पर 9.76 किलोमीटर पुल और 13 किलोमीटर एप्रोच रोड शामिल है।
इसकी कुल लागत 4988.4 करोड़ रुपये है। पुल की चौड़ाई 32 मीटर, कुल पाया 67 और डिजाइन स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा है।
उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले इस महासेतु का महत्वपूर्ण निर्माण कार्य अप्रैल 2026 में पूरा हुआ था। पाया नंबर 61 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम सेगमेंट जोड़ा गया, जिसके साथ पुल का स्ट्रक्चर वर्क पूरा माना गया।

(राघोपुर में सिक्स लेन पुल के निकट की गई बैरिकेडिंग। जागरण)
पुल का डिजाइन कोरिया की कंपनी ने किया तैयार
इसका निर्माण एलएंडटी और कोरियाई कंपनी देबू के संयुक्त उपक्रम ने किया है। पुल का डिजाइन भी कोरियाई कंपनी का है। एशियन डेवलपमेंट बैंक से करीब 3000 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया।
बिहार सरकार ने करीब 2000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। महासेतु की प्रमुख विशेषता एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे तकनीक है।
इसमें केबल को सीधे टावर से जोड़ने के बजाय डेक के नीचे एक बिंदु से दूसरे बिंदु तक जोड़ा गया है। इससे पुल की संरचना मजबूत और टिकाऊ बनी है। देश में गिने-चुने पुलों में ही इस तकनीक का इस्तेमाल हुआ है।

(राघोपुर सिक्स लेन पुल के निकट बनाया गया हेलीपैड। जागरण)
गांधी सेतु पर घटेगा यातायात का दबाव
महासेतु शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन का समय और दूरी घटेगी। फिलहाल वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा एवं मधुबनी जाने के लिए लोगों को गांधी सेतु या जेपी सेतु पर निर्भर रहना पड़ता था।
इस कारण अक्सर जाम की समस्या रहती है। नए पुल से एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और गांधी सेतु पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
इससे क्षेत्रीय विकास एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 31 जनवरी 2016 को इस पुल का शिलान्यास किया था।
23 जुलाई 2024 को उन्होंने पहले चरण में एनएच-31 से राघोपुर तक 4.57 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन किया था।
नीतीश सेतु की खास बातें
- कुल लंबाई: 22.76 किलोमीटर
- गंगा पर पुल: 9.76 किलोमीटर
- एप्रोच रोड: 13 किलोमीटर
- कुल लागत: 4988.4 करोड़ रुपये
- कुल पाया: 67
- चौड़ाई: 32 मीटर
- डिजाइन स्पीड:100 किलोमीटर प्रति घंटा
यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु के नामकरण की CM सम्राट चौधरी ने बताई वजह, 2012 में रखी गई थी 4988 करोड़ के पुल की नींव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।