विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में पहली बार जीवित नेता के नाम पर पुल, 4988 करोड़ की परियोजना को मिला नीतीश सेतु नाम

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:36 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 13 Nov 2026 01:37 PM (GMT+05:30)

बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर मेगा ब्रिज का नाम अब 'नीतीश सेतु' रखा गया है, जिसका उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री ...और पढ़ें

नीतीश कुमार के नाम पर कच्‍ची दरगाह-ब‍िदुपुर पुल।

नीतीश कुमार के नाम पर कच्‍ची दरगाह-ब‍िदुपुर पुल।

HighLights

  1. कच्ची दरगाह-बिदुपुर मेगा ब्रिज का नाम नीतीश सेतु रखा गया।

  2. जीवित राजनेता के नाम पर बिहार का पहला बड़ा पुल।

  3. प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को करेंगे पुल का उद्घाटन।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में गंगा पर बनकर तैयार एक और छह लेन पुल अब नए नाम से जाना जाएगा। कच्ची दरगाह-बिदुपुर मेगा ब्रिज का नाम नीतीश सेतु रखा गया है।

खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जीवित रहते उनके नाम पर इस पुल का नामकरण किया गया है। बिहार में किसी जीवित राजनेता के नाम पर इतने बड़े पुल का नाम रखे जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को अपने एक्स हैंडल के माध्यम से इसकी जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस मेगा ब्रिज का उद्घाटन करेंगे।

कभी नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में पहचाने जाने वाले इस पुल का निर्माण अब पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।

नीतीश कुमार ने किया था पुल का शिलान्यास, तेजस्वी भी थे मौजूद

कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल की परियोजना को वर्ष 2015 में मंजूरी मिली थी। अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका शिलान्यास किया था।

उस समय बिहार की राजनीति में महागठबंधन की सरकार थी और तेजस्वी यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थे। नीतीश कुमार इस परियोजना को लेकर शुरू से गंभीर रहे।

मुख्यमंत्री रहते उन्होंने कई बार निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लिया। पुल की प्रगति से लेकर निर्माण की गुणवत्ता तक पर उनकी नजर बनी रही।

bridge

19.76 किलोमीटर लंबा है पूरा प्रोजेक्ट, गंगा पर बना है 9.76 किमी पुल

कच्ची दरगाह-बिदुपुर परियोजना की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर बना मुख्य पुल 9.76 किलोमीटर लंबा है।

जबकि करीब 10 किलोमीटर लंबा संपर्क पथ (एप्रोच रोड) भी परियोजना का हिस्सा है। यह छह लेन का एक्स्ट्राडोज्ड केबल ब्रिज है।

इस परियोजना पर कुल 4,988.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें जमीन अधिग्रहण की लागत भी शामिल है। परियोजना के लिए राज्य सरकार ने एशियाई विकास बैंक (ADB) से लगभग तीन हजार करोड़ रुपये का ऋण लिया, जबकि करीब दो हजार करोड़ रुपये राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से लगाए।

पटना शहर में प्रवेश किए बिना उत्तर बिहार जाना होगा आसान

नीतीश सेतु के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच सड़क संपर्क और सुगम होगा। पटना से वैशाली की दूरी तय करने में लगने वाला समय घटकर करीब 20 से 25 मिनट रह जाने की उम्मीद है।

इस पुल के शुरू होने से दक्षिण बिहार से उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों की ओर जाने वाले वाहनों को पटना शहर के भीतर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में भी यह वैकल्पिक मार्ग मददगार होगा।

आमस-दरभंगा सड़क परियोजना को भी इस पुल से संपर्कता मिल रही है। वहीं, पटना गंगा पथ से इसकी कनेक्टिविटी उपलब्ध होने के कारण दक्षिण बिहार से आने वाले वाहनों को उत्तर बिहार की ओर जाने में सुविधा होगी। इससे वैशाली के अलावा समस्तीपुर, दरभंगा और आसपास के जिलों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

पहले चरण का नीतीश कुमार ने किया था लोकार्पण

इस मेगा ब्रिज का पहला चरण कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक बनाया गया था। मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने 23 जून 2025 को इस हिस्से का लोकार्पण किया था। इसके चालू होने से राघोपुर दियारा के लोगों को राजधानी पटना से सीधा सड़क संपर्क मिला।

अब दूसरे चरण का निर्माण पूरा होने के बाद पुल बिदुपुर तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन के बाद यह पूरी परियोजना आम लोगों के आवागमन के लिए उपलब्ध होगी।

 

राजेंद्र सेतु, गांधी सेतु, जेपी सेतु के बाद अब नीतीश सेतु

गंगा पर बने पुलों ने बिहार के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच संपर्क को लगातार मजबूत किया है। अब इस कड़ी में नीतीश सेतु का नाम भी जुड़ने जा रहा है।

बिहार में गंगा पर बने प्रमुख पुलों की बात करें तो राजेंद्र सेतु ने उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद महात्मा गांधी सेतु ने पटना और हाजीपुर के बीच आवागमन को नई गति दी।

फिर दीघा और सोनपुर के बीच जेपी सेतु का निर्माण हुआ। अब कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बना छह लेन पुल नीतीश सेतु के नाम से जाना जाएगा।

इन पुलों के निर्माण से गंगा पार के इलाकों तक पहुंच आसान हुई है। नीतीश सेतु के चालू होने से पटना के साथ-साथ वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे जिलों को भी एक नया संपर्क मार्ग मिलेगा।

यह पुल केवल दो भौगोलिक हिस्सों को जोड़ने वाला माध्यम नहीं होगा, बल्कि राज्य के सड़क नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देने की क्षमता रखता है।

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार के नाम पर होगा कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल, बिहार के मुख्यमंत्री ने किया बड़ा एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।