विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सिवान में छात्रा की मौत के बाद हंगामा: भीड़ ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, ASI समेत 5 जवान घायल; छीना हथियार

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Sun, 05 Feb 2023 03:36 PM (IST)

सिवान के महादेवा ओपी के ओरमा हाईवे पर एक ट्रक ने कोचिंग जा रही छात्रा को कुचल दिया जिससे घटनास्थल ...और पढ़ें

कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, परिजनों ने ओरमा हाईवे पर किया बवाल, ट्रक में लगाई आग
कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, परिजनों ने ओरमा हाईवे पर किया बवाल, ट्रक में लगाई आग

सिवान, जागरण संवादादाता। सिवान जिले में पिछले 24 घंटे के अंदर अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। जिस ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत हुई थी, उसे लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया। हालांकि, इसके बाद शरारती तत्वों ने गश्त दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी सहित टीम पर ही हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों से मारपीट की गई, जिसमें एएसआई समेत पांच जवान घायल हो गए। भागने के क्रम में पुलिस टीम पर शरारती तत्वों ने पत्थर भी फेंका।

घटना के बाद सिवान-गोपालगंज बाइपास पर रविवार की सुबह करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा। मृतकों में पचरुखी बाजार निवासी दिग्विजय मणि तिवारी और ओरमा निवासी हैपी कुमारी बताई जाती है। बता दें कि दिग्विजय मणि तिवारी जिला परिषद में जेई के पद पर तैनात थे और हैपी मैट्रिक की छात्रा थी। 

जानकारी के अनुसार, पहला मामला शनिवार की देर शाम का है। सहायक सराय ओपी क्षेत्र के हरदिया मोड़ के समीप स्थित धर्म कांटा के पास जिला परिषद के जेई सह पचरुखी बाजार निवासी दिग्विजय मणि तिवारी शहर से अपने घर पचरुखी जा रहे थे। तभी ट्रैक्टर की टक्कर उनकी बाइक से हो गई। इस घटना में दिग्विजय मणि तिवारी की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं, दूसरी घटना रविवार सुबह हुई। मुफस्सिल थाना के ओरमा गांव निवासी हैपी साइकिल पर सवार होकर शहर के वीएम हाई स्कूल समीप कोचिंग करने जा रही थी। वह जैसे ही गोपालगंज-छपरा बाइपास समीप पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने हैपी को रौंद दिया। इससे हैपी की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने चालक को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन बाजार समीप पकड़ लिया और उसकी काफी पिटाई।

इधर, घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और भीड़ उग्र हो गई। भीड़ में मौजूद शरारती तत्वों ने ट्रक में आग लगा दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइपास और सिवान-लकड़ी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सदर एसडीओ रामबाबू बैठा एवं एसडीपीओ ने लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने गश्ती दल को पीटा, पांच घायल

सड़क दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक से अवैध वसूली का पुलिस पर आरोप लगाकर गश्ती दल की टीम पर हमला बोल दिया। गश्ती दल में मौजूद एएसआई सुरेंद्र कुमार बैठा, चालक लालबाबू, सिपाही कृष्णा प्रसाद, प्रदीप ओझा, राजन को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि ग्रामीणों ने पुलिस की हथियार भी छीनी थी, लेकिन स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद हथियार को पुनः वापस कर दिया।

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी प्राथमिकी

महादेवा ओपी प्रभारी कुंदन पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस द्वारा वीडियो बनाया गया है। इसके आधार पर प्राथमिकी की जा रही है। चालक को हिरासत में लिया गया गया। वहीं, पुलिस के साथ मारपीट करने वाले और पुलिस पर पथराव करने वाले लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

राज्य सरकार की लापरवाही से PFI का अड्डा बन रहा बिहार, NIA की कार्रवाई के बीच भाजपा MLC का नीतीश सरकार पर हमला

Bihar: नवादा में उर्स समारोह में 24 लोगों को पागल कुत्ते ने काटा, डर के साए में उत्‍सव में शामिल हुए अकीदतमंद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।