विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Train Accident: इयरफोन बना काल! सिवान में रेलवे ट्रैक पार कर रहे दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत

Published: Tue, 16 Sep 2025 11:24 AM (IST)

सिवान-गोरखपुर रेलखंड पर मैरवा के पास दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। दोनों इयरफोन लगाकर ट्रैक पार ...और पढ़ें

दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत। फाइल फोटो
दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. मैरवा में ट्रेन से कटकर दो की मौत |
  2. इयरफोन लगाकर ट्रैक पार करना बना काल |
  3. शवों की पहचान में पुलिस को हुई मुश्किल |

संवाद सूत्र, मैरवा (सिवान)। पूर्वोत्तर रेलवे के सिवान-गोरखपुर रेलखंड पर सोमवार की सुबह मैरवा रेलवे स्टेशन से पश्चिम नवका टोला ढाला के समीप कान में इयरफोन लगाकर ट्रैक पार कर रहे दो युवकों की अरुणाचल एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई।

घटना के बाद शव एक घंटे तक डाउन ट्रैक पर पड़ा रहा। इससे कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा। रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से स्थानीय थाना की पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया,  जहां उनकी पहचान हुई।

मृतकों की पहचान बेतिया के नवतन थाना क्षेत्र के खैराटोला निवासी नीरज चौधरी व साहिल चौधरी के रूप में हुई है। मिली जानकारी अनुसार बनकटा-मैरवा के बीच मैरवा रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पश्चिम सुबह सात बजे दो युवक कान में इयरफोन लगाकर गाना सुनते हुए शौच कर लौट रहे थे।

इस दौरान वे रेलवे ट्रैक को पार कर रहे थे, उसी दौरान डाउन अरुणाचल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। कान में इयरफोन लगाने की वजह से उन्हें ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी और चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मैरवा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर तैनात कांस्टेबल बिंदेश्वर साह और नागेंद्र कुमार यादव, गैंगमेट सुनील कुमार यादव पहुंचे। दुर्घटना की सूचना स्टेशन मास्टर और स्थानीय थाने को भी दी गई।

इसके बाद चौकीदार राजेश्वर मांझी भी वहां पहुंच गए, लेकिन थाने से पुलिस आने की प्रतीक्षा के कारण दुर्घटना के करीब एक घंटा 20 मिनट बाद वीडियोग्राफी करते हुए ट्रैक से हटाया गया।

इतना भीषण था एक्सीडेंट कि पहचान पाना मुश्किल

मैरवा थाने से उप निरीक्षक संतोष कुमार जायसवाल के पहुंचने के बाद शव की पहचान की कोशिश स्थानीय लोगों और एकत्रित भीड़ से पूछताछ कर की गई, लेकिन शव के छत-विक्षत होने के कारण पहचान नहीं हो सकी।

मृतकों के टी-शर्ट और जींस पैंट शव के पास मिले। इसके अलावा पहचान के लिए मृतकों के पास न तो ट्रेन का टिकट और न कोई अन्य प्रमाण पुलिस को मिले। अज्ञात मानते हुए मृतक का शव पुलिस ने अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

इसके बाद सोशल मीडिया व अन्य साथियों के माध्यम से स्वजनों को घटना की जानकारी हुई। सूचना के बाद दोनों मृतकों के स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव को लेकर घर चले गए।

इस संबंध में मैरवा थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि दोनों मजदूर हैं। शौच के लिए गए थे। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Train Accident: मुजफ्फरपुर में ट्रेन से कटकर दो सगी बहनों की मौत, कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?