विपक्ष का मुद्दा बनीं सिवान की 35 वर्षीय मिंता देवी, Voter List में 125 साल है उम्र; जानें कैसे हुई चूक?
सिवान के सिसवां कला पंचायत की मिंता देवी का नाम वोटर लिस्ट में गलत जन्मतिथि के साथ दर्ज होने से राष्ट्रीय स्तर पर बवाल मच गया। विपक्ष ने संसद में विरोध प्रदर्शन किया और प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। मिंता देवी ने अपनी वोटर आइडी ठीक करने का अनुरोध किया है।

संवाद सूत्र, सिसवन (सिवान)। सिवान के सिसवन प्रखंड की सिसवां कला पंचायत के अरजानीपुर निवासी धनंजय कुमार सिंह की पत्नी मिंता देवी का नाम 35 की उम्र में पहली बार वोटर लिस्ट में जुड़ा, परंतु उसमें ऐसी चूक हुई कि वह राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में छा गईं।
इतना ही नहीं विपक्ष के नेताओं ने मंगलवार को दिल्ली में संसद भवन के सामने उनकी फोटो व 124 नाट आउट लिखी टीशर्ट पहनकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
दरअसल, मिंता के मतदाता पहचान पत्र में जन्मतिथि 15 जुलाई, 1900 अंकित हो गया है, जबकि उनकी वास्तविक जन्मतिथि 15 जुलाई, 1990 है।
वहीं, मतदाता सूची में उनकी आयु 124 दर्शाई गई है। इसमें भी चूक है, क्योंकि 15 जुलाई, 1900 के अनुसार उनकी आयु 125 वर्ष होनी चाहिए।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजेश कुमार ने बताया कि बीएलओ-एप सही से काम नहीं कर रहा था, इस कारण मिंता की उम्र वर्ष 1990 की जगह 1900 अंकित हो गया।
जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उनसे आनलाइन प्रपत्र-8 भरवा कर जमा कर दिया गया है। समय सीमा में संशोधन हो जाएगा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताई अलग कहानी
वहीं सिवान के उप निर्वाचन पदाधिकारी सोहैल अहमद ने कहा कि मिंता देवी ने ही प्रपत्र छह के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने को आनलाइन आवेदन में जन्मतिथि में वर्ष 1900 अंकित किया था।
इस त्रुटि पर बीएलओ का ध्यान गया तो उन्होंने मिंता देवी से संपर्क कर सुधार के लिए दस अगस्त को आवेदन कराया है।
इधर, राजनीतिक बयानों के बीच मिंता देवी ने कहा कि वह घरेलू महिला हैं और उन्हें इस तरह मोहरा बनाए जाने पर दुख है। उन्होंने कहा कि केवल इतना अनुरोध है कि मेरा वोटर आइडी सही कर दिया जाए।
इस चूक के चलते पूरा परिवार तनाव में है। बताया कि वह सिवान की मूल निवासी हैं, वर्तमान में छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर में रह रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।