Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सिवान में रेलवे स्टेशन की तर्ज पर बन रहा दुर्गा पंडाल, 90 फीट ऊंचे पंडाल में विराजेंगी मां भगवती

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 05:19 PM (IST)

    सिवान जिले के भगवानपुर हाट में शारदीय नवरात्र की तैयारी ज़ोरों पर है। विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की मूर्तियों और पूजा पंडालों का निर्माण तेज़ी से चल रहा है। सारीपट्टी रौनक नगर में वाराणसी रेलवे स्टेशन की तरह पंडाल बन रहा है जहाँ पिछले 62 सालों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस बार पूजा में लगभग आठ लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

    Hero Image
    90 फीट ऊंचे पंडाल में विराजेंगी मां भगवती

    संवाद सूत्र, भगवानपुर हाट (सिवान)। प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्र में माता की आराधना को लेकर कई स्थानों पर मां दुर्गा की मूर्ती व पूजा पंडाल के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। पूजा समितियां अभी से हीं पूजा की तैयारियों में जुट चुकी हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं मूर्तिकार मां दुर्गा एवं अन्य देवी- देवताओं की प्रतिमाओं के निर्माण में जुटे हुए हैं। पंडाल निर्माता भी इसे आकर्षक लुक देने में लगे हैं। प्रखंड मुख्यालय के सारीपट्टी रौनक नगर में वाराणसी रेलवे स्टेशन के स्वरूप का पूजा पंडाल बनाया जा रहा है।

    पूजा समिति के अनुसार यहां 1963 से ही शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर देवी दरबार सजाया जाता है। यहां बनने वाली मूर्ति व पंडाल को देखने के लिए प्रखंड क्षेत्र के ही नहीं बल्कि सिवान, सारण के कई प्रखंडों से देवी भक्त आते हैं।

    पंडाल एवं प्रतिमाओं की कला कृतियां लोगों को खूब आकर्षित करती हैं। पूजा की तैयारी गांव के बुजुर्गों के मार्ग दर्शन में युवा पीढ़ी काफी उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। पूजा समिति के अनुसार इस बार पूजा में आठ लाख रुपये से अधिक राशि खर्च का अनुमान है।

    सारीपट्टी में पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल के कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। इस वर्ष पंडाल की ऊंचाई 90 फीट ऊंचा व चौड़ाई 95 फीट होगी। पंडाल के चारों तरफ बांस-बल्ले से घेराबंदी की जाएगी।

    इसके निर्माण में करीब एक हजार से अधिक बांस, दो हजार मीटर कपड़ा, एक हजार दो सौ फीट लकड़ी के बीट का उपयोग किया जा रहा है। इस बार का लाइट व सजावट पिछले वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक होगा।

    मुजफ्फरपुर के मूर्तिकार कर रहे हैं निर्माण 

    सारीपट्टी में मुजफ्फरपुर के मूर्तिकार प्रभु पंडित प्रतिमाओं का निर्माण कर रहे हैं। यहां बनने वाली देवी दुर्गा की प्रतिमा व पंडाल 62 वर्षों से क्षेत्र में प्रसिद्ध रही है।

    पूजा समिति के अध्यक्ष पूर्व सरपंच रघुवर पांडेय ने बताया कि देवी दुर्गा की मूर्ति 22 फीट व महिषासुर की 18 फीट ऊंची मूर्ति बनाई गई है, जबकि गणेश जी, लक्ष्मी जी, सरस्वती जी, कार्तिकेय जी, हनुमान जी की मूर्तियां 12-12 फीट की रहेगीं।

    साथ ही शक्ति पीठ थावे के रहषु भगत एवं बाघ की मूर्ति बनाई गई है। आचार्य वैदिक हिमांशु उपाध्याय के मार्गदर्शन में पूजा की जाएगी। यजमान के रूप में मणींद्र सिंह सपत्नीक मां दुर्गा की विधिवत पूजा करेंगे।

    पूजा पंडाल निर्माण की देखरेख समिति में कोषाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह (सूरज) तथा सचिव नीरज कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह द्वारा किया जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- रांची में 85 लाख की लागत से तैयार हो रहा दुर्गा पंडाल, किताबों से सजाया जाएगा माता का दरबार