Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ram Barat: पहली बार शिवहर से गुजरेगी श्रीराम की बरात, बरातियों के लिए की गई स्पेशल व्यवस्था; परोसे जाएंगे खास पकवान

    Updated: Wed, 20 Nov 2024 05:47 PM (IST)

    अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए निकली श्रीराम बरात पहली बार शिवहर से गुजरेगी। 30 नवंबर को बरात मुजफ्फरपुर के कांटी होते शिवहर में दाखिल होगी। शहरवासी बरातियों का स्वागत पुष्प वर्षा से करेंगे। तोरणद्वार बनाया जाएगा सड़कों पर रंगोली सजाई जाएगी और मंगल टीका लगाकर बरातियों की आरती उतारी जाएगी। देकुली धाम में बरातियों के लिए दही-चूड़ा सहित अन्य पकवान परोसे जाएंगे। छह दिसंबर को जनकपुरधाम में विवाहोत्सव होगा।

    Hero Image
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

    नीरज, शिवहर। श्रीराम की बरात को लेकर तैयारी तेज है। ऐसा पहली बार होगा जब अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के लिए निकली श्रीराम बरात शिवहर के रास्ते गुजरेगी। यह बरात मुजफ्फरपुर के कांटी होते शिवहर में 30 नवंबर को दाखिल होगी। शिवहर जिले के नरवारा के प्रवेश करने के बाद शहर व देकुली धाम होते हुए सीतामढ़ी जाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस दौरान शहरवासी बरातियों का स्वागत पुष्प वर्षा से करेंगे। बताते चलें कि पहले अयोध्या से चली बरात मुजफ्फरपुर के रास्ते सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर जाती थी। कहा जाता है कि त्रेता युग में शिवहर जिले के देकुली में भगवान शिव व श्रीराम के बीच संवाद हुआ था। यही वजह है कि यह स्थली शिवहर के नाम से प्रख्यात हुई।

    इसे शिव व हरि का मिलन स्थल भी कहा जाता है। शिवहर रामायण सर्किट में भी शामिल है। यही कारण है कि इस बार इसे श्रीराम के बरात के रूट में शामिल किया गया है।

    बरातियों के स्वागत में तोरणद्वार बनाया जाएगा। सड़कों पर रंगोली सजाई जाएगी। मंगल टीका लगाकर बरातियों की आरती उतारी जाएगी। फूल-माला पहनाकर अभिनंदन होगा।

    त्रेता युग में शिवहर से गुजरी थी बरात

    विहिप के विभाग मंत्री सह श्रीराम बरात शोभा यात्रा के शिवहर जिला संयोजक अशोक उपाध्याय ने बताया कि त्रेता युग में श्रीराम व उनके अन्य भाइयों की बरात शिवहर से गुजरी थी। इसी के तहत पहली बार शिवहर के रास्ते बरात गुजरेगी। अयोध्या में रामलला के मंदिर के निर्माण के बाद श्रीराम विवाहोत्सव का यह पहला आयोजन है। छह दिसंबर को जनकपुरधाम में विवाहोत्सव होगा।

    तैयारी के लिए 41 सदस्यीय समिति

    विहिप के विभाग मंत्री ने बताया कि देकुली धाम में बरातियों के दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसमें दही-चूड़ा सहित अन्य पकवान परोसे जाएंगे। तैयारी के लिए 41 सदस्यीय समिति बनी है।

    व्यवस्था प्रमुख का दायित्व राजलक्ष्मी ग्रुप के संचालक सह विहिप के संरक्षक सह शिवहर राज दरबार परिवार के सदस्य देवव्रत नंदन सिंह उर्फ सोनू बाबू को और स्वागत समिति का अध्यक्ष आरएसएस के डॉ. रामकिशोर सिंह को बनाया गया है।

    विहिप के विभाग मंत्री सह श्रीराम बरात शोभा यात्रा के शिवहर जिला संयोजक अशोक उपाध्याय ने बताया कि 25 नवंबर तक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। भाजपा उपाध्यक्ष डा. नूतन सिंह ने बताया कि श्रीराम बरात का शिवहर से गुजरना ऐतिहासिक व गौरव का पल होगा।

    यह भी पढ़ें-

    18 नवंबर को अयोध्या में होगा भगवान राम का भव्य तिलकोत्सव, जनकपुर से 251 लोग होंगे शामिल

    Diwali 2024: '14 नहीं, 500 वर्षों बाद भगवान राम...', PM मोदी ने बताया इस साल की दीवाली क्यों है बेहद खास