Rohtas Crime: बाइक से आए तीन बदमाशों ने राजद नेता आशुतोष सिंह के घर पर जमकर की फायरिंग, भागने में हुए कामयाब
बिहार के नोखा में बाइक सवार तीन बदमाशों ने राजद नेता आशुतोष सिंह के घर पर जमकर गोलीबारी की है। इस घटना को अंजाम दी के बाद तीनों फरार होने में कामयाब रहे। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चला है कि बदमाशों ने आखिरकार गोलीबारी क्यों की है? राजद नेता ने बताया कि अपराधियों ने उन्हें और उनकी पत्नी को निशाना बनाया है।

संवाद सूत्र, नोखा (रोहतास): बिहार के सासाराम में नोखा के समीप हथिनी गांव में रविवार देर रात राजद नेता आशुतोष सिंह के घर पर जमकर फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि अंधाधुंध गोली एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने चलाई।
हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। इस मामले में आशुतोष सिंह ने बताया कि घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनते ही उन्होंने बचने का प्रयास किया।
नकाब पहनकर आए थे बदमाश
उन्होंने बताया कि अपराधियों ने उनपर और उनकी पत्नी पर निशाना साधते हुए गोलियां चलाई। इसके साथ यह भी बताया कि एक ही बाइक पर तीन लोग सवार थे तथा सभी ने नकाब पहन रखा था।
फायरिंग करने के बाद अपराधी भाग निकले। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने की भी कोशिश की लेकिन वह ग्रामीणों पर भी फायरिंग करते हुए निकाल गए। बताया जा रहा है कि लगभग 12 राउंड फायरिंग की गई है। फायरिंग में घर का सोलर प्लेट, छज्जा आदि क्षतिग्रस्त हुआ है।
घटना के बाद इलाके में दहशत
घटना के बाद दहशत का माहौल है। घटनास्थल से कुछ खोखे भी मिले हैं। राजद नेता ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी व विवाद नहीं है। घटना का कारण साफ नहीं है। आशुतोष सिंह ने बताया कि घर के गेट के सामने पहले सीसीटीवी लगाए थे। अभी वहां मरम्मत का काम चल रहा है जिसके कारण सीसीटीवी हटा दिए गए हैं।
एसपी विनीत कुमार ने बताया कि नोखा थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कुछ खाली खोखे बरामद हुए हैं। जिसकी जांच की जा रही है। आशुतोष सिंह द्वारा अबतक कोई आवेदन नहीं दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।