Bihar Politics: '50 से अधिक नेताओं के बच्चों का...',पीके का बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पर तीखा प्रहार
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार बदलाव यात्रा के दौरान चुनाव आयोग पर भाजपा का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने वोटर लिस्ट को लेकर सवाल उठाए और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर मेडिकल दाखिले में गड़बड़ी का आरोप लगाया जिसका जवाब अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने आयुष्मान योजना में हेराफेरी का भी दावा किया।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत लगातार अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह भी मौजूद थे। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से 20 मई को जेपी की जन्मभूमि सिताब दियारा से बिहार बदलाव यात्रा की शुरुआत की गई।
जनता को जागरूक करना यात्रा का उद्देश्य
यात्रा का उद्देश्य व्यवस्था परिवर्तन के लिए बिहार की जनता को जागरूक करना है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए चुनाव आयोग पर हमला बोला। कहा कि चुनाव आयोग का यह अभियान भाजपा का षड्यंत्र है।
प्रशांत किशोर ने इस अभियान को लेकर बिहार और केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इसी वोटर लिस्ट से वोट लेकर लोकसभा चुनाव संपन्न हुआ है।
चुनाव आयोग यह स्वीकार करेगा कि मोदी जी फर्जी वोटर लिस्ट से पीएम बने हैं। अगर नहीं, तो फिर उसी वोटर लिस्ट से विधानसभा चुनाव कराने में क्या दिक्कत हो सकती है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि असल में भाजपा डरी हुई है कि बिहार के लोगों को जन सुराज के तौर पर एक विकल्प मिल गया है। समाज के पिछड़े वर्ग के लोगों को परेशान किया जाए और जहां तक संभव हो उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया जाए।
मेडिकल में दाखिले पर उठाया सवाल
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर प्रशांत किशोर ने चार गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा और दिलीप जायसवाल ने उनके आरोपों का जवाब देने की अबतक हिम्मत नहीं जुटा पाई है। 50 से अधिक नेताओं के बच्चों को कैसे मेडिकल में दाखिला हो गया।
हमारे सवालों का जवाब देने की हिम्मत नहीं- पीके
प्रशांत किशोर ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर किशनगंज के एमजीएम कॉलेज मामले में फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभी तक भाजपा की ओर से या दिलीप जायसवाल की ओर से हमारे सवालों का जवाब देने की हिम्मत नहीं दिखाई गई है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जब से मेडिकल कॉलेज दिलीप जायसवाल के कब्जे में आया है। कई नेताओं और अफसरों के परिवार के सदस्यों को मैनेजमेंट कोटे से एडमिशन देकर एमबीबीएस की डिग्री दिलवाई गई है। इनमें राजद के नेताओं के बच्चे भी शामिल हैं।
आयुष्मान योजना के नाम करोड़ों की हेराफेरी
इसके साथ ही, इस कॉलेज में आयुष्मान योजना के नाम पर भी करोड़ों रुपए की हेराफेरी हुई है। इसका भी खुलासा जल्द करने का दावा किया। प्रशांत किशोर ने महाराष्ट्र में हिंदी भाषा विवाद पर ठाकरे बंधुओं पर करारा हमला किया।
उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा और कांग्रेस अधिक जिम्मेदार है। यह मामला वहां होने वाले बीएमसी चुनाव से जुड़ा है। ये दोनों भाई लोकल बाडी इलेक्शन में अपनी-अपनी पकड़ साबित करना चाहते हैं।
इसलिए मराठी भाषा को लेकर विवाद कर रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि जन सुराज में सभी अच्छे विचार वाले लोगों का स्वागत है। जो बिहार के बदलाव की चाहत रखते हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: 'प्रशांत किशोर नहीं बल्कि...', पूर्व IPS आनंद मिश्रा ने क्यों छोड़ी जन सुराज? बताई अंदर की बात
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: इस बार सीमांचल में दिलचस्प होगा मुकाबला, महागठबंधन का खेल बिगाड़ेगी PK की जनसुराज?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।