Bihar Politics: 'पर्दे के पीछे से...', मांझी की पार्टी में भी हो सकता था 'खेला'; इस नेता ने बताई अंदर की बात
फ्लोर टेस्ट से पहले जीतनराम मांझी की पार्टी में भी खेला हो सकता था। इस बात की जानकारी खुद पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने दी है। राजेन्द्र यादव ने कहा है कि पर्दे के पीछे से हमारी पार्टी में खेला का प्रयास हुआ जो विफल साबित हुआ। हमारे विधायकों ने विधानसभा में विश्वास मत के दौरान नैतिकता का उच्चतम मापदंड स्थापित किया है।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन और अन्य विधायकों ने विधानसभा में विश्वास मत के दौरान नैतिकता का उच्चतम मापदंड स्थापित किया है। उक्त बातें हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने एनडीए को बिहार विधानसभा में बहुमत मिलने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी पार्टी के सभी सदस्य अपनी विचारधारा और सिद्धान्तों के साथ अटल खड़े रहे। हम गरीबों, वंचितों और शोषितों की लड़ाई लड़ने वाले लोग हैं जिनके लिए राजनीतिक ईमानदारी सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे से हमारी पार्टी में खेला का प्रयास हुआ जो विफल साबित हुआ।
'मांझी ने संकटमोचक की भूमिका निभाई'
राजेन्द्र यादव ने कहा कि जीतनराम मांझी ने एनडीए में संकटमोचक की भूमिका का निर्वाह किया, जिसका परिणाम है कि आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी है। राजेंद्र यादव ने एनडीए सरकार में शामिल सभी दलों को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से केंद्र की मदद से राज्य सरकार विकास कार्यों को दोगुनी रफ्तार दे पाएगी।
'हमारे बिना कोई भी गठबंधन...'
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में हमारी पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में कोई भी गठबंधन बिना हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सहयोग के राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में नहीं होगा।
बहुमत हासिल करने पर हर्ष व्यक्त करने वालों में पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो मुजलिम, युवा जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव, जिला मीडिया प्रभारी ललन झा, प्रखंड अध्यक्ष मो वसीम अख्तर, राम कुमार महतो, अजीत विश्वास, प्रवेश ऋषि, मंटू यादव, लव महलदार, सत्यनाराण ऋषि आदि शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।