बिहार के वैशाली में तैनात युवा दारोगा की मौत, उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली थीं पूजा सिंह
Police News बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा थाने में तैनात महिला दारोगा पूजा सिंह की रविवार की सुबह मौत हो गई। वह 2018 बैच में चयनित हुई थीं। पूजा ने शनिवार की शाम तबीयत बिगड़ने की शिकायत की थी।

वैशाली (हाजीपुर), संवाद सूत्र। Bihar News: बिहार के वैशाली जिले में पदस्थापित युवा महिला दारोगा पूजा सिंह का रविवार की सुबह निधन हो गया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली थीं। उनके पति का घर पटना जिले के गौरीचक में है। पूजा कुमारी की शादी 3 वर्ष पूर्व हुई थी। जंदाहा थाना में पदस्थापित होने के पश्चात वह बाजार के एक निजी मकान में किराए पर अकेली रहती थीं। वर्तमान में विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे उनके पति आया-जाया करते थे।
2018 बैच में हुआ था चयन
पूजा कुमारी का चयन वर्ष 2018 बैच में हुआ था। एक वर्ष पहले प्रशिक्षु अवर निरीक्षक के पद पर जंदाहा थाना में पदस्थापित की गई थीं। प्रशिक्षण अवधि पूरा होने के पश्चात एक माह पहले ही उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय वैशाली द्वारा जंदाहा थाना में अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया था।
रात को तबीयत बिगड़ी, सुबह तक मौत
बताया जा रहा है कि दारोगा पूजा कुमारी गर्भावस्था में थीं। शनिवार की रात अचानक तबीयत खराब होने पर जंदाहा थाना के पुलिस कर्मियों द्वारा उन्हें जंदाहा के एक नर्सिंग होम मैं इलाज हेतु भर्ती कराया गया था। स्थिति बिगड़ते देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए जंदाहा थाना के पुलिस कर्मियों द्वारा पीएमसीएच पटना ले जाया गया, जहां रविवार की प्रातः उनकी निधन हो गई।
पति और पिता का परिवार दिल्ली रहता है
उनके निधन की सूचना मिलते ही जंदाहा थाना पुलिस परिवार में गम का माहौल है। जंदाहा थाना पुलिस परिवार एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने उनकी कार्यकुशलता एवं व्यवहार कुशलता को याद करते हुए उनके असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। बताया जाता है कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिला के रहने वाले उनके माता-पिता एवं पटना जिला के गौरीचक थाना क्षेत्र के रहने वाले उनके पति सहित दोनों परिवार दिल्ली में ही रहते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।