Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    राजद के लोग एक डील की बात कर रहे हैं...भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा दावा

    By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
    Updated: Tue, 24 Jan 2023 12:44 PM (IST)

    जदयू का साथ छोड़ने की अटकलों के बीच उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन में जाने से पहले राजद के साथ डील हुई थी। जदयू नेता ने कहा कि जब जब नीतीश कुमार कमजोर हुए तो मैं उनके साथ खड़ा रहा हूं। अब मेरे ऊपर व्यक्तिगत प्रहार हो रहा।

    Hero Image
    उपेंद्र कुशवाहा बोले- महागठबंधन में जाने से पहले राजद के साथ डील हुई थी

    पटना, जागरण डिजिटल डेस्क। जदयू के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा लगातार महागठबधंन की पोल खोल रहे हैं। जदयू और नीतीश कुमार का साथ छोड़ने की अटकलों के बीच कुशवाहा ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में जाने से पहले राजद के साथ डील हुआ है। इन दिनों नीतीश कुमार कमजोर हुए हैं, क्योंकि उन्हें कमजोर किया जा रहा। वह पहले जब कमजोर हुए थे, तो हम हमेशा उनके साथ खड़े रहे। उपेंद्र कुशवाहा ने राजद के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश और हमारा दर्द एक है, कोई दूसरा हमारे साथ खड़ा नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जब-जब नीतीश कुमार कमजोर हुए तो मैं उनके साथ खड़ा रहा हूं। मैंने अपनी पार्टी का विलय करके उनको ताकत दी। हालांकि, इन दिनों नीतीश जी कमजोर हुए हैं। जदयू लगातार कमजोर हो रहा है। इन दिनों मेरे ऊपर व्यक्तिगत प्रहार हो रहा है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आजकल राजद के लोग एक डील की बात कर रहे हैं। हम उनसे इस डील के बारे में जानना चाहते हैं।

    हालांकि, राजद और जदयू के बीच क्या डील हुई थी, इसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा। वहीं, उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुझे निमंत्रण नहीं मिला है। ऐसे में मैंने खुद आज कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। कर्पूरी ठाकुर के योगदान नहीं भुलाया जा सकता। उनकी चाहत थी कि उनका अभियान चलता रहा। पहले ये जिम्मेदारी लालू यादव पर आई। फिर नीतीश कुमार जी पर आई और अब हम लोग साथ दे रहे हैं।

    बता दें कि इन दिनों उपेंद्र कुशवाहा की भाजपा में शामिल होने की अटकलें काफी तेज हैं। पिछले हफ्ते जब उपेंद्र कुशवाहा दिल्ली के एम्स में भर्ती थे, तो भाजपा के तीन नेता उनसे मिलने भी पहुंचे थे। हालांकि, उपेंद्र कुशवाहा ने इन अटकलों को खारिज किया है। 

    सीएम नीतीश ने कहा- उनको बोलने दीजिए

    वहीं, उपेंद्र कुशवाहा के दावे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बयान भी सामने आ गया है। मुख्यमंत्री ने उपेंद्र कुशवाहा की बात पर कहा कि हम से कुछ मत पूछिए। उनके मन में जो आए वह बोलते रहते हैं। उनको बोलने के लिए छोड़ दीजिए। उनकी बात पर हमारी पार्टी का कोई भी आदमी कुछ नहीं बोलेगा।

    उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा बयान, बोले- मेरी पार्टी में जो जितना बड़ा नेता, वो उतना ही भाजपा के संपर्क में

    उपेंद्र कुशवाहा के दल छोड़ने की चर्चा पर नीतीश कुमार बोले- सभी को कहीं भी आने जाने का अधिकार