Published: Mon, 05 May 2025 04:29 PM (IST)
बिहार में मौसम के बार-बार बदलने से आम और लीची की फसलें प्रभावित हो रही हैं जिससे किसानों को नुकसान ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, पटना। राज्य में मौसम में बार-बार बदलाव आम एवं लीची की फसल को प्रभावित कर रहा है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ सकता है।
प्रत्येक सप्ताह आंधी आने एवं वर्षा होने से आम की फसल पूरे प्रदेश में प्रभावित हो रही है। वहीं मुजफ्फरपुर के आसपास के जिलों में लगाई गई लीची की फसल को भी मौसम में हो रहे बदलाव से नुकसान हो रहा है।
कृषि प्रौद्योगिकी एवं प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के उप परियोजना निदेशक वृजेन्द्र मणि का कहना है कि राज्य के मौसम में काफी तेजी से बदलाव देखा जा रहा है।
लगभग हर सप्ताह आंधी के साथ वर्षा हो रही है। तेज हवा के कारण आम की फल गिर जा रहे हैं। इसका प्रभाव उत्पादन पर पड़ेगा। उत्पादन में इससे कमी आने की आशंका है।
कृषि अधिकारियों का कहना है कि अगर इसी तरह आगे भी मौसम में बदलाव जारी रहा तो प्रदेश में आम के उत्पादन में दस से बीस प्रतिशत की कमी आ सकती है। वहीं लीची के उत्पादन में भी गिरावट आ सकती है।
गेंहू की फसल हो रही प्रभावित
मौसम में बदलाव के कारण गेंहू की फसल भी प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि अभी भी दस प्रतिशत गेंहू की फसल खेतों में है। किसान उसे काटने का प्रयास कर रहे हैं, तभी वर्षा हो जा रही है।
ऐसे में किसान तैयार फसल भी नहीं काट पा रहे हैं। नमी युक्त फसल को दवनी में काफी समस्या आती है। बदलते मौसम से सब्जी की फसलों को लाभ कृषि विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान मौसम से सब्जी की फसलों को काफी लाभ हो रहा है।
हर सप्ताह वर्षा होने से मिट्टी के साथ-साथ वातावरण में नमी बनी रह रही है। इससे सब्जियों के फलन अच्छी देखी जा रही है। खासकर मौसम सब्जी जिसमें नेनुआ, लौकी, भिंडी, करैला, खीरा आदि की फलन अच्छी हो रही है।
मक्के की फसल को भी इस मौसम से काफी लाभ हो रहा है। जो किसान गरमा धान के पौधे लगाये हैं। उनको भी आजकल हो रही वर्षा से लाभ हो रहा है।
यह भी पढ़ें-
किसानों को अब आसानी से मिलेगा बिजली कनेक्शन, बस इस एप को कर लें मोबाइल में इंस्टॉल