विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लालू की कुर्सी पर जा बैठे तेजप्रताप, कहा- बिना कृष्ण के अर्जुन कभी नहीं जीत सकता

By Kajal KumariEdited By:
Published: Mon, 17 Dec 2018 01:21 PM (IST)Updated: Mon, 17 Dec 2018 11:12 PM (IST)

तेजप्रताप यादव रविवार को अचानक राजद मुख्यालय पहुंचे और पिता लालू यादव का कमरा खुलवाकर उनकी ही कुर्सी पर जा ...और पढ़ें

लालू की कुर्सी पर जा बैठे तेजप्रताप, कहा- बिना कृष्ण के अर्जुन कभी नहीं जीत सकता
लालू की कुर्सी पर जा बैठे तेजप्रताप, कहा- बिना कृष्ण के अर्जुन कभी नहीं जीत सकता

पटना, जेएनएन। पारिवारिक उलझनों को लेकर काफी दिनों से पार्टी की बैठकों और राजनीति से दूर-दूर रहने वाले राजद नेता तेजप्रताप यादव अचानक से सियासी गतिविधियों में सक्रिय होते दिख रहे हैं। तेज प्रताप यादव रविवार को अचानक पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंच गए और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद का कमरा खुलवाकर उनकी कुर्सी पर बैठ गए।

श्रीमद्भगवदगीता दिखाकर कहा-इसी के जरिए लड़ेंगे चुनाव

उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति बनाई। इस दौरान तेजप्रताप ने मीडिया को श्रीमद्भगवदगीता दिखाकर कहा कि अगला चुनाव इसी के जरिए लड़ा जाएगा। फिर विरोधियों को चेताया- जो तेजप्रताप के सामने राजनीति में आएगा वो ध्वस्त होगा। पार्टी के अंदर और बाहर दोनों जगह के विरोधी खतरनाक हैं।  

राहुल गांधी की खूब तारीफ की 

पार्टी कार्यकर्ताओं से करीब ढाई घंटे बातचीत करने के बाद बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया जहां उन्होंने छत्तीसगढ, मध्य प्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत पर राहुल गांधी की जमकर तारीफ की।

मैं अब वापस आ गया हूं

उन्होंने युवा एवं छात्र शाखाओं के कार्यकर्ताओं से लंबी बातचीत करने के साथ घोषणा की कि वह सक्रिय राजनीति में वापस आ गये हैं। खुद को श्रीकृष्ण और छोटे भाई तेजस्वी को अर्जुन बताकर कहा कि दोनों मिलकर दुश्मनों का संहार कर देंगे और महाभारत का युद्ध जीतकर रहेंगे।

 

गांधी मैदान में भव्य रैली करेंगे

तेजप्रताप ने कहा कि  हमने तय किया है कि जल्द ही पटना के गांधी मैदान में बड़ी रैली करेंगे और उस रैली में तेजस्वी, राहुल गांधी और अखिलेश सिंह यादव समेत तमाम बड़े नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। बहुत ही भव्य रैली होगी। उन्होंने कहा कि वह भाजपा-आरएसएस गठबंधन को बिहार में प्रमुख प्रतिद्वंद्वी मानते हैं। 

पत्नी से तलाक के सवाल का नहीं दिया जवाब

छह महीने पहले शादी करने वाले तेज प्रताप ने पत्नी के खिलाफ तलाक की अर्जी दायर की है। तेज प्रताप ने पत्नी ऐश्वर्या राय को तलाक देने के उनके फैसले से जुड़े सवालों का जवाब देने से इनकार किया। उनकी मई में शादी हुई थी।

मीसा भारती भी पार्टी में रहकर काम करें

एक प्रश्न के जवाब में तेजप्रताप बोले-हम सबको मिलाकर चलते हैं। बहन मीसा भारती भी पार्टी में रहकर काम करें। तेजस्वी को तो हमने ही उत्तराधिकारी घोषित किया था। घर लौटने के सवाल पर तेजप्रताप ने कहा कि किसी भी कीमत पर फिलहाल घर नहीं लौटेंगे।

कृष्ण के बिना अर्जुन को सफलता नहीं मिलेगी

तेजप्रताप ने कहा पार्टी के अंदर और बाहर दोनों जगह के विरोधी खतरनाक हैं। वैसे भी कृष्ण के बिना अर्जुन को सफलता नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि हम कभी पार्टी से दूर नहीं हुए हैं और मिशन 2019 को लेकर पार्टी और संगठन की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे। हमारा सुदर्शन चक्र चल पड़ा है और 2019-20 के चुनावों के लिए बिगुल फूंक रहा हूं। 

 

किसी कीमत पर अभी घर नहीं लौटेंगे

तेजप्रताप ने कहा- वे अपने फॉर्म में है और विरोधियों को जवाब देना उन्हें आता है। जब से उनके विरोधियों को उनकी वापसी की खबर मिली है वह दुम दबाकर भाग खड़े हुए हैं। किसी भी कीमत पर फिलहाल 10 सर्कुलर स्थित अपने घर नहीं लौटेंगे। छपरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा- इस पर अंतिम निर्णय राजद अध्यक्ष करेंगे।

सीएम नीतीश कुमार पर कसा तंज

तेजप्रताप कहा- उनके पास रहने को अपना घर नहीं है और वह लगातार सरकारी आवास की मांग कर रहे हैं। इसके लिए सीएम से बात करने की कोशिश की जा रही है लेकिन प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, इस सलूक को बिहार की जनता देख रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।