Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: 'तीर-धनुष मेरे पिता से गिरता तो राम का अपमान होता', तेजस्वी यादव का नीतीश कुमार पर तंज

    Updated: Wed, 16 Oct 2024 07:36 PM (IST)

    बिहार में रावण दहन के दौरान सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के हाथ से तीर-धनुष गिरने पर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने उन पर कटाक्ष किया है। तेजस्वी ने कहा कि अगर यह तीर-धनुष उनके पिता लालू प्रसाद यादव या उनसे गिरता तो राम का अपमान हो जाता। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर उम्र का प्रभाव दिखने लगा है।

    Hero Image
    नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और बिहार CM नीतीश कुमार। (जागरण फोटो)

    राज्य ब्यूरो, पटना। पटना में आयोजित रावण दहन के दिन मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) के हाथ से तीर-धनुष गिरने की घटना को लेकर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने उन पर कटाक्ष किया है।

    उन्होंने कहा नीतीश कुमार हमारे चाचा जी हैं उन्हें पता नहीं क्या हो गया है। यह तो हम बता नहीं सकते, लेकिन यही तीर-धनुष मेरे पिता लालू प्रसाद या मुझ से गिरा होता था राम का अपमान हो जाता।

    उन्होंने कहा लोग बातें बनाते कि देखो तीर-धनुष छोड़ दिया रावण पर बाण नहीं चलाया, मगर आज एक बात तो साफ है कि नीतीश कुमार पर उम्र का प्रभाव दिखने लगा है, लेकिन इस पर हम राजनीति नहीं करते।

    'बीजेपी के खिलाफ लड़ाई कौन लड़ रहा है?'

    एक सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में भाजपा के खिलाफ लड़ाई कौन लड़ रहा है। हम लोग लड़ रहे हैं। आज तक हमने या हमारी पार्टी ने इनसे कोई समझौता नहीं किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बीजेपी सिर्फ नफरत फैलाती है'

    भाजपा के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ नफरत फैलाती है। हम मानते हैं कि सर्वधर्म का सम्मान होना चाहिए। इनके पास कोई उपलब्धि तो है नहीं। इनकी कोई उपलब्धि होती तब न ये लोग यात्रा निकालते। ये लोग बिहार के विशेष दर्जे, पढ़ाई, दवाई और रोजगार पर कोई बात नहीं करते। ये लोग सिर्फ हिंदू-मुसलमान को लड़ाने की बात करते हैं।

    नेता प्रतिपक्ष ने चुनौती वाले अंदाज में कहा कि ये लोग अगर बिहार में हिंदू-मुसलमान के बीच दंगा फैलाने की कोशिश करेंगे तो राष्ट्रीय जनता दल चुप बैठने वाला नहीं। ऐसे लोगों को सबक जरूर सिखाया जाएगा।

    नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने अपनी कार्यकर्ता दर्शन यात्रा स्थगित की

    झारखंड विधानसभा एवं बिहार में होने वाले चार विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के मद्देनजर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के दूसरे चरण के लिए पूर्व घोषित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। हालांकि, 16 अक्टूबर और 17 अक्टूबर का कार्यक्रम पूर्ववत रहेगा। तेजस्वी फिलहाल बांका में हैं इसके बाद वे जमुई जाएंगे। इसके बाद वे पटना लौट आएंगे और चुनाव में अपनी ऊर्जा लगाएंगे।

    झारखंड और बिहार की कुछ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। जिसे देखते हुए पूर्व से घोषित कार्यक्रम में तब्दीली की गई है। नेता प्रतिपक्ष आज 16 अक्टूबर को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार बांका में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कल 17 अक्टूबर को जमुई में आयोजित कार्यक्रम भी पूर्व घोषणा के अनुसार ही होगा। 18 अक्टूबर से 26 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम को स्थगित किया गया है। - चित्तरंजन गगन, राजद प्रवक्ता

    राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग द्वारा कल झारखंड के साथ हीं बिहार के चार विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसलिए बिहार के उपचुनाव के साथ ही झारखंड में होने जा रहे चुनाव में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की व्यस्तता को देखते हुए 'कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम' में संशोधन किया गया है।

    ये भी पढ़ें- Tejashwi Yadav: तेजस्वी ने स्मार्ट मीटर को क्यों बताया स्मार्ट चीटर, बांका में नीतीश सरकार पर जमकर बोला हमला

    ये भी पढ़ें- नीतीश कुमार अब क्या करने वाले हैं? फिर दोहराया 'इधर-उधर जाने' वाला बयान; सियासी अटकलें तेज