Bihar Diwas 2025: 3D में देखिए बिहार के ऐतिहासिक स्थलों की कहानी, गांधी मैदान में सरकार ने दी है ये सुविधा
बिहार दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर आएं और राज्य के प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों का 3डी में भ्रमण करें। वीआर उपकरणों की मदद से आप पटना के बापू टॉवर सभ्यता द्वार पटना साहिब के गुरुद्वारा राजगीर के ग्लास ब्रिज पावापुरी के जल मंदिर सहित अन्य लोकप्रिय स्थलों का आभासीय भ्रमण कर सकते हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार दिवस को लेकर पटना के गांधी मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पहली बार यहां पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में आम लोगों के लिए 3डी में राज्य के प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराने की व्यवस्था की गई है।
इसके लिए स्टॉल में वीआर उपकरण लगाए गए हैं। इसकी मदद से सामान्य लोग सभी स्थलों का आभासीय तरीके से भ्रमण कर सकेंगे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पवेलियन का मंत्री महेश्वर हजारी ने उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में मंत्री का किया गया स्वागत।
इसमें पटना का बापू टॉवर, सभ्यता द्वार, पटना साहिब का गुरुद्वारा के अलावा राजगीर का ग्लास ब्रिज, घोड़ा कटोरा, हाल में वहां बना जरासंध का अखाड़ा एवं पार्क, गुरुद्वारा, पावापुरी का जल मंदिर जैसे अन्य प्रमुख और लोकप्रिय स्थल शामिल हैं।
ऐतिहासिक मैदान के 1 लाख वर्ग फीट से अधिक के क्षेत्रफल में इसे लगाया गया है, जहां अनेक विभागों के स्टॉल में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
बिहार डायरी की भी बिक्री की व्यवस्था
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में राज्य सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शन के माध्यम से दर्शाया गया है। साथ ही बिहार डायरी की बिक्री की भी व्यवस्था की गई है।
मंत्री ने किया उद्घाटन।
अगर किसी ने बिहार डायरी नहीं खरीदी है, तो वे यहां से खरीद सकते हैं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण पुस्तक, पत्र, पत्रिका की बिक्री की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग से बिक्री केंद्र बनाया गया है।
बिहार दिवस के राज्यस्तरीय आयोजन में जिले के एक शिक्षक का चयन
वहीं, दूसरी ओर बिहार दिवस पर राज्य स्तरीय आयोजन पटना के गांधी मैदान में हुआ। इस आयोजन में शिक्षा विभाग के पवेलियन में कला संस्कृति, खेल, विज्ञान, गणित, भाषा, क्रिएटिव लर्निंग आदि की विभिन्न गतिविधियों और प्रदर्शनी लगाकर प्रदर्शित किया जा रहा था।
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा अरवल जिले के सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय अहियापुर के शिक्षक डॉ. विनोद कुमार उपाध्याय को 22 से 24 मार्च तक स्मार्ट क्लास के प्रदर्शनी में व्याख्याता के रूप में चयन किया गया है।
स्मार्ट क्लास से बच्चों को क्या फायदा होता है और इसका संचालन कैसे किया जाता है, इसके बारे में राज्य भर से आए शिक्षकों, छात्रों और बुद्धिजीवियों को बताना है।
साथ ही आधुनिक युग में स्मार्ट क्लास क्यों जरूरी है, इसके बारे में बताने के लिए उनकी प्रतिनियुक्ति की गई है। स्मार्ट क्लास के उपयोगिता बताने के लिए राज्य भर में अरवल जिले के शिक्षक का चयन होना बड़ी उपलब्धि है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।