विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 प्रखंड, 575 राजस्व गांव और 3 नगर पंचायतें, सोनपुर शहरी क्षेत्र का बढ़ा दायरा; 199.94 वर्ग किमी बढ़ा क्षेत्रफल

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:36 PM (IST)

बिहार सरकार ने सोनपुर प्लानिंग क्षेत्र का दूसरी बार विस्तार करते हुए 199.94 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को इसमें शामिल किया ...और पढ़ें

सोनपुर आयोजना क्षेत्र का दूसरी बार विस्‍तार। सांकेत‍िक तस्‍वीर

सोनपुर आयोजना क्षेत्र का दूसरी बार विस्‍तार। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. सोनपुर प्लानिंग क्षेत्र का दूसरी बार विस्तार किया गया।

  2. 199.94 वर्ग किमी क्षेत्र जुड़ा, कुल दायरा 798.94 वर्ग किमी।

  3. अगले 20 वर्षों के लिए सुनियोजित शहरी विकास का लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, पटना। सोनपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित शहरी विकास करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।

सोनपुर प्लानिंग क्षेत्र का दूसरी बार विस्तार किया गया है। इसके तहत 199.94 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को इसमें शामिल किया गया है।

इसके साथ ही प्लानिंग एरिया का कुल दायरा बढ़कर 798.94 वर्ग किलोमीटर हो गया है। पहले से अधिसूचित क्षेत्र का रकबा 589 वर्ग किलोमीटर था। नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

सोनपुर नगर परिषद के शहर और गांव होंगे शामिल

इस विस्तारित प्लानिंग एरिया में सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र के साथ आसपास के शहरी और शहरी क्षमता वाले ग्रामीण इलाकों को शामिल किया गया है।

इसके दायरे में कुल सात प्रखंडों के 575 राजस्व गांव आएंगे। इनमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गड़खा, परसा, अमनौर और मकेर प्रखंड शामिल हैं।

इसके अलावा सोनपुर, दिघवारा और परसा नगर पंचायत भी आयोजना क्षेत्र का हिस्सा होंगे। बिहार शहरी आयोजना तथा विकास अधिनियम, 2012 और संबंधित नियमावली के तहत यह विस्तार किया गया है।

अगले 20 वर्षों के हिसाब से मास्टर प्लान पर जोर

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इसका उद्देश्य अगले 20 वर्षों या जरूरत के अनुसार इससे अधिक अवधि के लिए समेकित मास्टर प्लान तैयार करना है।

जिसके के माध्यम से क्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य शहरी गतिविधियों के विकास को व्यवस्थित किया जाएगा।

साथ ही सड़क, जलापूर्ति, जलनिकासी और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजना भी तैयार की जा सकेगी। बता दें कि सोनपुर आयोजना क्षेत्र की पहली अधिसूचना 31 जनवरी 2023 को जारी हुई थी। इसके बाद 20 मई 2025 को पहली बार क्षेत्र का विस्तार किया गया।

नए विस्तार में कई प्रखंड और राजस्व ग्राम शामिल

अब दूसरे विस्तार के तहत अमनौर, मकेर, परसा, दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर और गड़खा प्रखंडों के नए राजस्व गांवों को जोड़ा गया है।

विस्तारित सीमाएं इन प्रखंडों के विभिन्न राजस्व गांवों से होकर निर्धारित की गई हैं। प्लानिगं एरिया क्षेत्र में कुल 798.94 वर्ग किलोमीटर जमीन में 36.71 वर्ग किलोमीटर शहरी क्षेत्र है, जबकि 762.23 वर्ग किमी हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र का है।

इस तरह महायोजना में ग्रामीण इलाकों को भी विशेष महत्व मिलेगा। इससे भविष्य में बेतरतीब निर्माण और अनियोजित शहरी विस्तार को रोकने में मदद मिल सकती है।

सोनपुर आयोजना क्षेत्र: एक नजर में 

  • पहले से अधिसूचित क्षेत्र 589 वर्ग किमी
  • दूसरे विस्तार में जुड़ा क्षेत्र 199.94 वर्ग किमी
  • कुल आयोजना क्षेत्र 798.94 वर्ग किमी
  • शहरी क्षेत्र 36.71 वर्ग किमी
  • ग्रामीण क्षेत्र 762.23 वर्ग किमी

यह भी पढ़ें- बिहार के सोनपुर में ग्रीनफील्ड टाउनशिप निर्माण प्रक्रिया तेज, नगर विकास विभाग ने भूमि अधिग्रहण को दी मंजूरी 

यह भी पढ़ें- सम्राट कैबिनेट के 43 फैसले: पटना में अंडरग्राउंड रोड, सोनपुर में टाउनशिप और मोतीपुर में उद्योगों का रास्ता साफ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।