बिहार के सोनपुर में ग्रीनफील्ड टाउनशिप निर्माण प्रक्रिया तेज, नगर विकास विभाग ने भूमि अधिग्रहण को दी मंजूरी
सारण के सोनपुर स्थित हरिहरनाथपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और क्रय प्रक्रिया शुरू हो गई है।

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
सोनपुर ग्रीनफील्ड टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू।
बिहार मंत्रिपरिषद ने परियोजना को दी प्रशासनिक मंजूरी।
टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत होगा आधुनिक शहरी विकास।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले के सोनपुर स्थित हरिहरनाथपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप परियोजना को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
बिहार मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने भूमि अधिग्रहण एवं भूमि क्रय प्रक्रिया शुरू करने की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
इसके साथ ही राज्य की इस महत्वाकांक्षी शहरी विकास योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है।
टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत होगा विकास
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, राज्य में बढ़ते शहरी दबाव को संतुलित करने और योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहले चरण में चार ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे।
इनमें सोनपुर के हरिहरनाथपुर क्षेत्र को भी शामिल किया गया है। यह परियोजना टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत विकसित की जाएगी।
प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक शहरी सुविधाओं का समग्र विकास किया जाएगा। इसके तहत सड़क, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत नेटवर्क, सार्वजनिक संस्थान, हरित क्षेत्र और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु प्रत्यक्ष भूमि क्रय और भूमि अधिग्रहण, दोनों विकल्पों का उपयोग किया जाएगा।
परियोजना के लिए बाजार से लिया जाएगा लोन
सरकार का मानना है कि अग्रिम रूप से भूमि उपलब्ध होने से मास्टर प्लान के अनुरूप सुनियोजित विकास कार्यों को गति मिलेगी। टाउनशिप में आधुनिक आवासीय परिसर, व्यावसायिक केंद्र और संस्थागत ढांचे विकसित किए जाएंगे, जिससे सोनपुर क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी।
साथ ही निर्माण कार्यों और भविष्य में स्थापित होने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
परियोजना के वित्तपोषण के लिए प्रारंभिक चरण में बाजार से ऋण लेने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए राज्य सरकार की पूर्व स्वीकृति प्राप्त की जाएगी।
बाद में विकसित भूखंडों, व्यावसायिक परिसरों और अन्य संपत्तियों की बिक्री या नीलामी से प्राप्त आय के माध्यम से वित्तीय दायित्वों का निर्वहन किया जाएगा।
विभिन्न निर्धारित शुल्कों से भी राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। सरकार की योजना हरिहरनाथपुर ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को बिहार के आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी केंद्रों में विकसित करने की है।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से सोनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में जुटे दक्षिण बिहार के स्वदेशी योद्धा, चीनी सामानों के खिलाफ अरुण ओझा ने फूका महासंग्राम का बिगुल
यह भी पढ़ें- बिहार में ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को रफ्तार: अहमदाबाद की यूनिवर्सिटी संभालेगी कमान, बदलेगी शहरों की सूरत