Prashant Kishor: किसकी टीम B है जन सुराज पार्टी? प्रशांत किशोर ने दे दिया क्लियर कट जवाब, BJP पर भी दी प्रतिक्रिया
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी को किसी भी दल की बी टीम कहने पर तार्किक रूप से प्रतिरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि राजद और भाजपा दोनों ही पार्टियां जसुपा को बी टीम कहती हैं क्योंकि दोनों ही बिहार में मुफ्त वोट लेने की आदी हैं। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि बिहार की बदहाली के लिए लालू और नीतीश जिम्मेदार हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। जन सुराज पार्टी (जसुपा) के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने अपनी पार्टी या स्वयं उन्हें किसी भी दल की बी टीम कहे जाने पर तार्किक रूप से प्रतिरोध दर्ज कराया है। शनिवार को बयान जारी कर उन्होंने कहा कि राजद के लोग हमें भाजपा की और भाजपा के लोग राजद की बी टीम कहते हैं।
ये दोनों पार्टियां (राजद और भाजपा) हमें बी टीम कह रही हैं, क्योंकि दोनों ही बिहार में मुफ्त वोट लेने की आदी हैं। जसुपा तो वस्तुत: जनता की बी टीम है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि बिहार की बदहाली के लिए सीधे तौर पर लालू और नीतीश जिम्मेदार हैं, लेकिन आज जो बिहार की दुर्दशा है, उसके गुनहगार भाजपा और कांग्रेस हैं।
भाजपा की बी टीम पर पीके का जवाब
- पीके ने कहा कि बी टीम उसका बना जाता है, जो पार्टी मजबूत होती है। बिहार में तो भाजपा स्वयं ही कमजोर है।
- भाजपा का यहां न तो कोई नेता है और न ही बिहार के लिए उसकी कोई नीति है।
- विधानसभा के पिछले चुनाव में भाजपा को मात्र 19 प्रतिशत वोट ही मिले।
- प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि बिहार में भाजपा का अपना कोई प्रभाव नहीं हैं, तभी तो उसने केवल 42 सीटें जीतने वाले नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बना रखा है।
- ऐसा तब जबकि हाल के दिनों में भाजपा दूसरे राज्यों में विरोधी दलों को तोड़कर अपनी सरकार बनाने के लिए जानी जाती है।
पीके ने लागया गंभीर आरोप
पीके का आरोप है कि अपने कुछ सांसदों के लिए भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों ने बिहार को गर्त में धकेल दिया। पहले लालू प्रसाद के शासन-काल में जंगल-राज को और अब नीतीश कुमार के समय अफसर-राज को दोनों ही दलों ने पनपने दिया।
क्या उन्हें नहीं पता कि बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है और पलायन यहां की सबसे बड़ी समस्या है! कांग्रेस और भाजपा ने अपनी सरकार बचाने के लिए बिहार को क्रमश: लालू और नीतीश के हवाले छोड़ दिया।
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों को ले समीक्षा बैठक
16 दिसंबर को छपरा में आयोजित जन सुराज पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी को लेकर राज्य कार्यकारिणी सदस्य नूतन शर्मा के छपरा आवास पर एक आवश्यक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रूप से छपरा के प्रेक्षा गृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने आ रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती का भव्य स्वागत के साथ साथ कार्यकर्ताओं का अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष बच्चा राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के सारण आगमन से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। इसे ऐतिहासिक बनाने में कार्यकर्ता कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
वहीं जिला मुख्य प्रवक्ता कुलदीप महासेठ ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। बैठक में प्रदेश कोर समिति के सदस्य राम पुकार मेहता, अभियान समिति के जिला संयोजक प्रियरंजन सिंह युवराज, जिला युवाध्यक्ष कुमार शिवम, कार्यालय प्रभारी नवनीत यादव आदि मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।