विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निशांत पैर छूने झुके तो मोदी ने गले लगाया, नीतीश का भी रखा मान; बिहार के मंच से किसे क्या संदेश दे गए PM?

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:53 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार यात्रा ने भाजपा-जदयू के बीच तल्खी की चर्चाओं पर विराम लगाने का प्रयास किया, जिसमें उन्होंने एनडीए की एकजुटता और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर भरोसा जताया। 

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश से गर्मजोशी से मिले मोदी

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश से गर्मजोशी से मिले मोदी

HighLights

  1. पीएम मोदी ने बिहार में एनडीए की एकजुटता पर जोर दिया।

  2. नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के साथ गर्मजोशी से मिले।

  3. युवाओं की भागीदारी और राज्य के विकास की सराहना की।

राज्य ब्यूरो, पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को हुई बिहार यात्रा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दलों, खासकर भाजपा और जदयू के बीच तल्खी की चर्चाओं को विराम देने का प्रयास किया। वैशाली जिले के जाफरपट्टी में आयोजित सभा के मंच से प्रधानमंत्री ने अपने हाव-भाव और संबोधन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि बिहार में एनडीए पूरी तरह एकजुट है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर भी भरोसा जताया। कार्यक्रम का आयोजन एनडीए सरकार की वर्षगांठ के अवसर पर किया गया था, जिसमें सम्राट चौधरी के कार्यकाल के सात महीने भी शामिल हैं।

नीतीश की नीतियों पर आगे बढ़ रही सम्राट सरकार

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह संदेश दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास से जुड़ी नीतियों को सम्राट चौधरी की सरकार पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। राज्य में 200 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले गए हैं और खेती के लिए 12 घंटे बिजली आपूर्ति की गारंटी दी गई है। निवेश, शिक्षा, ऊर्जा, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश से गर्मजोशी से मिले मोदी

नीतीश कुमार के प्रति प्रधानमंत्री के सद्भाव का प्रदर्शन पटना एयरपोर्ट से ही शुरू हो गया था। यहां दोनों नेताओं की गर्मजोशी से मुलाकात हुई और वे एक-दूसरे के गले मिले।

इसके बाद सभा मंच पर भी प्रधानमंत्री ने जदयू नेताओं के साथ सहजता और आत्मीयता दिखाई। इन मुलाकातों को भाजपा और जदयू के बीच संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना गया।

निशांत के पैर छूने से पहले ही गले लगा लिया

सभा मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा से हाथ मिलाया। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार उनके पैर छूने के लिए झुके, लेकिन प्रधानमंत्री ने उन्हें ऐसा करने से पहले ही गले लगा लिया।

उन्होंने निशांत की पीठ भी थपथपाई। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में खासा ध्यान खींचा। प्रधानमंत्री के इस व्यवहार को नई पीढ़ी के नेताओं के प्रति स्नेह और सम्मान के संदेश के रूप में देखा गया।

युवाओं की मौजूदगी पर पीएम ने जताई खुशी

जेन-जी आंदोलन के बाद भाजपा की ओर से युवाओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिए जाने की चर्चा के बीच जाफरपट्टी की सभा में युवाओं की अच्छी भागीदारी रही। युवा प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

प्रधानमंत्री ने भी सभा में युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी पर खुशी जाहिर की। इससे कार्यक्रम में युवा मतदाताओं और नई पीढ़ी को जोड़ने की राजनीतिक कोशिश भी दिखाई दी।

नीतीश की तस्वीर पर उठे सवालों का सम्राट ने दिया जवाब

भाजपा और जदयू के बीच तल्खी की चर्चाओं की एक वजह नीतीश सेतु की प्रचार सामग्री में नीतीश कुमार की तस्वीर का नहीं होना भी बताया जा रहा था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि प्रोटोकाल के कारण पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर का उपयोग नहीं किया गया।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आज पूरा सेतु ही नीतीशमय है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत मंच से संबोधित करने वाले सभी नेताओं ने नीतीश कुमार के नाम और उनके कार्यों का कई बार उल्लेख किया।

संजय झा ने गिनाईं नीतीश कुमार की उपलब्धियां

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा का पूरा संबोधन नीतीश कुमार की उपलब्धियों पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने केवल पुलों के माध्यम से राज्य के भूगोल को नहीं जोड़ा, बल्कि सुशासन और विकास की राजनीति से समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया है। उनके इस संबोधन से भी एनडीए के भीतर नीतीश कुमार के राजनीतिक महत्व को रेखांकित करने का प्रयास दिखा।

मंच पर विजय चौधरी को भी मिला बराबरी का स्थान

प्रधानमंत्री के पूरे कार्यक्रम में जदयू कोटे के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को भी प्रमुखता दी गई। मंच पर प्रधानमंत्री के एक ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दूसरी ओर विजय कुमार चौधरी नजर आए। इस मंचीय व्यवस्था को एनडीए के सहयोगी दलों के बीच समन्वय और साझेदारी के संदेश के रूप में देखा गया।

ललन सिंह ने तेजस्वी के आरोपों का दिया जवाब

केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पुल निर्माण में केंद्र सरकार की राशि नहीं लगने संबंधी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कटाक्ष का जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि यह पुल पूरी तरह नीतीश कुमार की परिकल्पना है। सवाल यह नहीं है कि इसमें केंद्र का पैसा लगा या नहीं, बल्कि यह बिहार की उपलब्धि है और एनडीए सरकार की देन है।

इस तरह प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मंच से एनडीए की एकजुटता, नीतीश कुमार के सम्मान और सम्राट चौधरी के नेतृत्व को लेकर कई राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें- नीतीश से गले मिले PM मोदी, सम्राट से कदमताल; चिराग भी साथ, बिहार में पुल उद्घाटन से ज्यादा चर्चा में सियासी केमिस्ट्री

यह भी पढ़ें- कुर्सी पर PM मोदी, मंच से दिल खोलकर बोले CM सम्राट; बिहार के युवाओं... किसानों और विकास का रखा पूरा हिसाब

यह भी पढ़ें- PM मोदी ने IIT पटना को दी 400 करोड़ रुपये की सौगात, AI से स्टार्टअप तक बदलेगी बिहार की तस्वीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।