Bihar News: इन 18 नगर निगमों में पटना की तर्ज पर होगा अंचलों का गठन, योजनाओं की मॉनिटरिंग करना होगा आसान
पटना की तरह राज्य के 18 अन्य नगर निगमों को भी अलग-अलग अंचलों में बांटा जाएगा। नगर विकास विभाग ने इस बारे में सभी जिलों के डीएम को पत्र लिखकर अंचल गठन का प्रस्ताव मांगा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि नगर निगमों में प्रशासन और प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके। अंचलवार निगरानी से योजनाओं का कार्यान्वयन बेहतर होगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजधानी पटना की तर्ज पर राज्य के शेष 18 नगर निगमों को भी अलग-अलग अंचलों में बांटा जाएगा। इसके लिए प्रत्येक नगर निगम के अंतर्गत अंचलों का गठन किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने इस बाबत नालंदा, भोजपुर, रोहतास, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुंगेर, गयाजी, पूर्णिया, कटिहार, सारण, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, भागलपुर एवं सहरसा के डीएम को पत्र लिखा है।
इन सभी डीएम को संबंधित नगर निगम के अंचल गठन का प्रस्ताव तैयार कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। विभाग ने नगर निगमाें में बेहतर प्रशासन और प्रबंधन को लेकर अंचल में बांटने का निर्णय लिया है। विभाग ने अपने पत्र में कहा है कि नगर निगम सबसे अधिक आबादी और क्षेत्रफल वाले शहर हैं। निगम का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण नगर आयुक्त विभिन्न वार्डों में संचालित योजनाओं के कार्यान्वयन एवं अन्य कार्यों का निरीक्षण नहीं कर पाते हैं। इसके कारण विभिन्न योजनाओं की गुणवत्ता एवं अन्य कार्य प्रभावित होते हैं।
अंचलवार होगी मॉनिटिरिंग
ऐसे में जरूरी है कि नगर निगम प्रशासन की विकेंद्रीकृत व्यवस्था की जाए। इसके लिए नगर निगम अंतर्गत विभिन्न अंचलों के गठन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। नगर निगमों में आबादी और क्षेत्रफल के हिसाब से अंचलों की संख्या तय की जाएगी। अलग-अलग अंचल बन जाने के बाद प्रत्येक अंचल के लिए कार्यापलक अभियंता, अभियंता समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी जो अंचलवार योजनाओं की मानीटरिंग करेंगे। नगर आयुक्त इन अंचल में तैनात पदाधिकारियों की मदद से पूरे नगर निगम के कामकाज की मानीटरिंग कर सकेंगे।
पटना नगर निगम में हैं छह अंचल
वर्तमान में पटना नगर निगम को छह अंचलों में बांटा गया है। इनमें नूतन राजधानी अंचल, पाटलिपुत्र अंचल, कंकड़बाग अंचल, बांकीपुर अंचल, अजीमाबाद अंचल और पटना सिटी अंचल शामिल हैं। इन अंचलों के अंतर्गत नगर निगम के सभी 75 वार्ड आते हैं।
अंचल में बंटेंगे यह नगर निगम
मुजफ्फरपुर, गया, बिहारशरीफ, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सासाराम, आरा, समस्तीपुर, बेगूसराय, मधुबनी, बेतिया, कटिहार, मोतिहारी, मुंगेर, छपरा, सीतामढ़ी, सहरसा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।