Patna Waterlogging: जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम एक्टिव, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पटना में लगातार बारिश के कारण हुए जलजमाव से निपटने के लिए नगर निगम और बुडको की टीमें सक्रिय हैं। मंत्री नितिन नवीन ने जल निकासी कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। निगम नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

जागरण संवाददाता, पटना। लगातार हो रही बारिश के बीच जलजमाव से शहरवासियों को राहत दिलाने में नगर निगम और बुडको की टीम जुटी हुई है। नगर निगम के अलावा बुडको के कर्मचारी अलर्ट मोड में सड़कों और संप हाउस से पानी की निकासी करवा रहे हैं।
इस बीच, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने नगर आयुक्त सह बुडको के एमडी अनिमेष कुमार पराशर के साथ रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जल निकासी का जायजा लिया। मंत्री ने अलर्ट मोड में पानी की निकासी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण राजधानी के विभिन्न इलाकों की जलनिकासी व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो गई है। ऐसे में जलनिकासी के लिए और तत्परता से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने डीपीएस स्थित चालू पंप को लगातार चालू रखने और इसमें किसी तरह की दिक्कत न हो इसका ध्यान रखने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि संप हाउस में बिजली आपूर्ति से संबंधित कोई व्यवधान नहीं होना चाहिए।
बारिश होते ही नगर निगम और बुडको की टीम सक्रिय
नगर आयुक्त ने बताया कि एक सप्ताह से टीम के लगातार प्रयास से विभिन्न इलाकों में बारिश के बाद कम से कम समय में अधिकतम इलाकों से पानी की निकासी हो रही है। भारी बारिश के बीच भी पटना नगर निगम की टीम अलर्ट मोड में शहर में सक्रिय है।
इसके साथ ही अधिकारी और क्यूआरटी शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जल निकासी सुनिश्चित कर रहे हैं। नगर आयुक्त समेत सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारी और नगर प्रबंधक शहर का दौरा कर जल निकासी की निगरानी कर रहे हैं।
आम लोगों की शिकायतों पर पहुंच रही है टीम
पटना नगर निगम को पाटलिपुत्र कॉलोनी, पाटलिपुत्र स्टेशन, कंकड़बाग और राजेंद्र नगर इलाकों से जलजमाव की शिकायतें मिलीं। इसे तुरंत दूर किया गया। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पंपों से भी पानी की निकासी की जा रही है।
नगर आयुक्त ने बताया कि बारिश के बाद रात में भी नगर निगम की टीम अलर्ट रहती है। उसी समय से जल निकासी शुरू कर दी जाती है। निगम नियंत्रण कक्ष और आईसीसीसी से संप हाउस के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाती है। इससे कम समय में पानी की निकासी हो रही है।
पटना नगर निगम ने शहर के सभी संप हाउसों पर तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की है। निगम के सभी अंचलों में मशीनों के माध्यम से जलनिकासी की वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध है।
पटना नगर निगम के पास पर्याप्त व्यवस्था है। जिसका सुचारू रूप से उपयोग किया जा रहा है। आम जनता से भी अपील की जा रही है कि अगर उनके क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या है तो वे 155304 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।