Bihar Land survey: बिहार में अब तेजी से होगा जमीन सर्वे और म्यूटेशन का काम, अफसरों के तबादले के साथ हुए कई बड़े काम
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार राजस्व सेवा के अधिकारियों का व्यापक तबादला किया है जिसमें अंचल और राजस्व अधिकारी शामिल हैं। यह कदम भूमि सर्वेक्षण और म्यूटेशन के मामलों को तेजी से निपटाने के लिए उठाया गया है। पटना सिटी समेत कई अंचलों में नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई है और भू-अर्जन निदेशालय में भी पदस्थापना की गई है।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सोमवार को बड़े पैमाने पर बिहार राजस्व सेवा के अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी व उनके समकक्ष अधिकारी शामिल हैं। विभाग ने यह तबादला भूमि सर्वेक्षण व म्यूटेशन समेत अन्य मामलों के त्वरित निपटारे के लिए किया है।
कई अंचलों में लंबे समय से पद रिक्त थे और उन अधिकारियों की संख्या भी कम नहीं है जो पदस्थापना की प्रतीक्षा में थे। सूत्रों ने बताया कि विभागीय समीक्षा के दौरान लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की पहचान की गई थी, उन्हें भी हटा दिया गया है।
परैया, मानपुर, पटना सिटी, नगर, पाटलिपुत्र अंचल, बरौली, नौबतपुर, दारौंदा, गड़हनी, पटेढ़ी बेलसर, भभुआ, कैमूर, सोनपुर, सोनपुर, कटैया, बांके बाजार, दनियावां समेत अन्य अंचलों में नए राजस्व अधिकारियों की तैनाती की गई है।
अधिकांश राजस्व अधिकारियों को कानूनगो सह बंदोबस्त पदाधिकारी का भी अधिकार दिया गया है। ताकि भूमि सर्वेक्षण में मदद मिल सके। मुख्यालय स्थित भू-अर्जन निदेशालय में भी नए अधिकारियों को लाया गया है। सोनपुर के अंचल अधिकारी के पद से अवकाश पर चल रहीं अदिति श्रुति को भू-अर्जन निदेशालय में राजस्व पदाधिकारी सह कानूनगो के पद पर नियुक्त किया गया है।
औरंगाबाद सदर के अंचल अधिकारी शशि सिंह को भी भू-अर्जन निदेशालय में पदस्थापित किया गया है। फिलहाल मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले पर चुनाव आयोग ने रोक लगा दी है। अधिसूचना में भी इसे स्पष्ट किया गया है। मतदाता पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अधिकारी काम पूरा होने के बाद ही नए स्थान पर पदभार ग्रहण करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।