बिहार में राजस्व महाअभियान में बेहतर कार्य करने वाले पंचायत, अंचल व जिले होंगे पुरस्कृत
राज्य में पहली बार बड़े पैमाने पर राजस्व महा–अभियान का आयोजन कर सभी जमाबंदी को अपडेट करने की शुरुआत की जा रही है। इस महाअभियान को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कार्य में लगे अधिकारियों कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ये पुरस्कार तीन स्तरों पर दिया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। 16 अगस्त से 20 सितंबर तक पूरे प्रदेश में राजस्व महाअभियान चलेगा। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले पंचायतों, अंचलों और जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही महाअभियान में सहभागिता करने वाले सभी जन प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। सोमवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार बड़े पैमाने पर राजस्व महा–अभियान का आयोजन कर सभी जमाबंदी को अपडेट करने की शुरुआत की जा रही है। इस महाअभियान को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ये पुरस्कार तीन स्तरों पर दिया जाएगा।
सभी जिलों के अंचल स्तर पर बेहतरीन काम करने वाले तीन पंचायतों का चयन कर इस कार्य में लगे सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिधियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी तरह जिला स्तर पर बेहतरीन तीन अंचलों का चयन उनके कार्य के आधार पर करके उन्हें जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले तीन जिलों को पुरस्कार दिया जाएगा।
इस महाअभियान के दौरान डिजिटाइज्ड जमाबंदियों में त्रुटियों में सुधार, छूटी हुई जमाबंदियों को आनलाइन करने, उत्तराधिकार नामांतरण और संयुक्त संपत्तियों के बंटवारा नामांतरण हेतु आवेदन लिए जाएंगे। इस दौरान टीम घर-घर जाकर जमाबंदी की प्रति एवं आवेदन प्रपत्रों का वितरण करेगी। इसके बाद हल्का स्तर पर शिविर लगाकर आवेदन और दस्तावेजों का संकलन किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।