विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीतीश सेतु के नामकरण पर कांग्रेस का सवाल- गुरु गोविन्द सिंह के नाम वाला प्रस्ताव कहां गया?

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:57 AM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी के उद्घाटन से पहले वैशाली में 'नीतीश सेतु' के नामकरण पर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि गुरु गोविंद सिंह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर क्यों रखा गया। 

नीतीश सेतु के नामकरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल। फाइल

नीतीश सेतु के नामकरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल। फाइल

HighLights

  1. कांग्रेस ने नीतीश सेतु के नामकरण पर बिहार सरकार से सवाल पूछे।

  2. गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल का प्रस्ताव बदला गया।

  3. प्रधानमंत्री मोदी के उद्घाटन से पहले सियासत तेज हुई।

राज्य ब्यूरो, पटना। Nitish Setu: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन करने पहुंच रहे हैं।

इसके ठीक पहले पुल के नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पत्र साझा कर बिहार सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने पूछा है कि सिखों के दसवें गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर जिस पुल का नाम रखने का निर्णय लिया गया था, उसका नाम बदलकर नीतीश कुमार के नाम पर रखने की जरूरत क्यों पड़ी?

कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता ने उठाए सवाल 

खेड़ा ने सवाल किया है कि सिख समुदाय की भावनाओं के साथ ऐसा खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है? उन्होंने यह भी पूछा कि किसी राजनीतिक व्यक्ति के जीवित रहते ही उनके नाम पर पुल का नामकरण करने की इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है?

क्या नीतीश कुमार को उनके जीते जी ही राजनीतिक मुख्यधारा से बाहर करने की तैयारी है? दरअसल, पुल के नामकरण को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा में इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की थी।

तेजस्‍वी यादव ने भी जताई है आपत्‍त‍ि 

इसके जवाब में पथ निर्माण विभाग ने 10 फरवरी 2026 को पत्र जारी कर बताया था कि पुल का नाम दसवें सिख गुरु गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर रखने के लिए विभाग को प्रस्ताव मिला है और इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसके बाद 13 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा की।

कांग्रेस ने अब इसी फैसले को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के सवालों के केंद्र में पुल का नाम बदलने के साथ नीतीश कुमार की राजनीतिक भूमिका भी है।

प्रधानमंत्री के उद्घाटन से ठीक पहले इस मुद्दे के उठने से बिहार की सियासत में नामकरण का विवाद फिर गरमा गया है।

यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु का नाम किसने रखा? ललन सिंह ने किया खुलासा, बताया किसके आग्रह पर PM मोदी ने लिया फैसला

यह भी पढ़ें- PM मोदी बिहार को देंगे 37 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, नीतीश सेतु से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।