नीतीश सेतु का नाम किसने रखा? ललन सिंह ने किया खुलासा, बताया किसके आग्रह पर PM मोदी ने लिया फैसला
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने स्पष्ट किया है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा है।
HighLights
सीएम सम्राट चौधरी के आग्रह पर नामकरण हुआ।
पीएम मोदी 34 हजार करोड़ की परियोजनाएं समर्पित करेंगे।
पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा, यात्रा आसान।
डिजिटल डेस्क, पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु किसने रखा? इसको लेकर चल रही सियासी चर्चा के बीच केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है।
उन्होंने पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा है।
ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे बिहार और देश को समर्पित करेंगे। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए लाइफलाइन साबित होगा।
उसका उद्घाटन करेंगे, बिहार और देश को समर्पित करेंगे। यह ब्रिज उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए एक लाइफलाइन के रूप में है।"
34 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को वैशाली जिले के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित समारोह में 34 हजार करोड़ रुपये की 227 परियोजनाओं को समर्पित करेंगे।
इस दौरान नीतीश सेतु सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास, कार्यारंभ और शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पहले वह राघोपुर में नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के अन्य केंद्रीय मंत्री और राजग के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
19.76 किलोमीटर लंबा है नीतीश सेतु
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का शिलान्यास अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। इसकी कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है।
इसमें गंगा पर बने पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर और संपर्क पथ की लंबाई करीब 10 किलोमीटर है। लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को गांधी सेतु के समानांतर उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क का नया विकल्प माना जा रहा है।
पुल चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। दावा है कि इसके जरिए पटना से वैशाली पहुंचने में करीब 20 मिनट लगेंगे।
दक्षिण बिहार से उत्तर बिहार के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले वाहनों को पटना शहर के भीतर प्रवेश करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
आमस-दरभंगा फोरलेन सड़क को भी इस पुल से जोड़ा जा रहा है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होने के साथ व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।