क्या तेजस्वी को 2023 में ही CM बना केंद्र की राजनीति करेंगे नीतीश? जगदानंद सिंह के बयान पर गरमाई सियासत
Bihar Politics बिहार प्रदेश आरजेडी अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार साल 2023 में ही तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाकर केंद्र की राजनीति करेंगे। इसपर अब जेडीयू की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: साल 2023 में बिहार की सत्ता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को सौंपकर नीतीश कुमार (Nitish Kumar) देश की राजनीति करेंगे। यह बड़ा बयान बिहार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष जगदानंद सिंह (Jagdanand Singh) ने दिया है। आरजेडी में जगदानंद सिंह का कद पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बाद दूसरे नंबर पर माना जाता है। इसे देखते हुए उनके बयान को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसपर बिहार में राजनीति भी गरमा गई है।
जगदानंद बोले: बिहार को तेजस्वी का इंतजार
जगदानंद सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार की घोषणा के अनुसार लग रहा है कि वे 2022 बीतने के बाद 2023 में देश की लड़ाई लड़ेंगे और तेजस्वी को बिहार सौंप देंगे। देश नीतीश कुमार का तो बिहार तेजस्वी यादव का इंतजार कर रहा है।
आरजेडी के अभी तक के बयानों से दिखा शिफ्ट
विदित हो कि बिहार की वर्तमान सरकार का कार्यकाल साल 2025 तक है। ऐसे में जगदानंद सिंह की मानें तो नीतीश कुमार अपने वर्तमान कार्यकाल के बीच में ही पद से इस्तीफा देकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बना देंगे। यह आरजेडी के अभी तक बयानों से बड़ा शिफ्ट है। आरजेडी के नेता अभी तक कहते रहे हैं कि तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने की अभी जल्दी नहीं है।
यह भी पढ़ें- तेजस्वी को सीएम बनाने के जगदानंद के बयान पर गरमाई सियासत, सम्राट और शाहनवाज ने ली चुटकी
साल 2025 तक है वर्तमान सरकार का कार्यकाल
बीते दिन लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि आरजेडी नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री चेहरा बनाए जाने का समर्थन करेगा। लालू के बयान में यह जरूर निहित था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वे नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री चेहरा बनाने के पक्ष में हैं, लेकिन यह नहीं था कि नीतीश कुमार के रहते तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे। हां, उन्होंने यह भी कहा था कि वक्त आने पर तेजस्वी मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे। अब जगदानंद सिंह साल 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले ही तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात कर रहे हैं। जबकि, बिहार की वर्तमान नीतीश सरकार का कार्यकाल साल 2025 तक है।
इस मामले में अब जेडीयू के बयान का इंतजार
बहरहाल, जगदानंद सिंह के इस बयान पर राजनीति गर्म होती दिख रही है। अब इसपर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड की ओर से बयान का इंतजार है।