Bihar Politics: 'राजद ने मुसलमानों के लिए...', तेजस्वी के सामने बहुत कुछ बोल गए CM नीतीश कुमार
विधानसभा में नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को जवाब देते हुए उनके माता-पिता के शासनकाल और अपनी सरकार के कार्यों की तुलना की। उन्होंने राजद पर मुसलमानों के लिए कुछ न करने का आरोप लगाया और महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। तेजस्वी यादव ने एसआईआर प्रक्रिया का विरोध किया और चुनाव आयोग पर निष्पक्षता से काम न करने का आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा में शोर शराबे के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को संयमित रहने की सलाह दी। कहा- जब तुम्हारी उम्र कम थी तो तुम्हारे माता-पिता मुख्यमंत्री रहे। तुम्हारे पिताजी सात साल तक मुख्यमंत्री रहे। उसके बाद तुम्हारी मां मुख्यमंत्री रहीं। क्या उस समय की स्थिति है और उसके बाद जब हमारी सरकार बनी तो कितना सारा काम हुआ। 20 साल में भी नौ महीने हमने दूसरे को दिया।
सीएम ने आगे कहा, आपके साथ भी रहे, लेकिन आप लोगों ने ठीक काम नहीं किया। हमने आपको (महागठबंधन) छोड़ दिया। अब जब हम लोग एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं तो फिर यह सब चीज बोलने का क्या मतलब है। हमारी सरकार ने बहुत काम किया है।
नीतीश कुमार आगे बोले, राजद ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया। हमने मुसलमानों के लिए काम किया। हमने महिलाओं के लिए बहुत काम किया। तुम बच्चा हो। तुम क्या जानते हो। इस साल चुनाव होने वाला है। चुनाव के लिए अंड-बंड बोलते हैं ये लोग। चुनाव लड़िए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मानसून सत्र का तीसरा दिन है और इसके बाद दो ही दिन बचे हैं। इसके बाद हमलोग चुनाव में जाएंगे। जब चुनाव होगा तब देश के लोग सोचेंगे कि क्या करना है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हम लोगों ने शुरू से कितना काम किया है। क्या था पहले बजट। पहले का बजट आपका क्या था? कितना ज्यादा हमलोगों ने सबके लिए किया है। आज तीन लाख से भी ज्यादा और केंद्र सरकार भी काफी मदद कर रही है। हम लोग बिहार में मिलकर काम कर रहे हैं। जहां जो कुछ भी कमी है उसको भी हम लोगों ने पूरा कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सारे लोगों के लिए सबकुछ किया। बीच में जब साथ थे तब कितना बड़ाई करते थे। हम लोगों ने जितना काम किया है उसी को लेकर हम सब जगह जाएंगे और जनता को बता देंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी से मुखातिब होते हुए यह भी कहा कि बच्चा ना हो, अरे तुम तो बहुत बच्चे थे ना। पटना शहर में भी शाम में घर से बाहर जाता था। कहीं जाने का रास्ता था। हम पत्रकारों से भी कहेंगे कि पहले क्या बुरा हाल था और हमने जो काम किया इन दोनों चीजों को याद रखें।
हम एसआरआइ का विरोधी नहीं, प्रक्रिया को पूरा कर रहे : तेजस्वी
प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने विधानसभा अध्यक्ष से मुखातिब होकर कहा कि लालू जी कहते हैं कि वोट का राज मतलब छोट का राज। संविधान में हम सभी को अधिकार है कि वो 18 साल का हो जाए तो उसे वोट देने का अधिकार है। हम एसआईआर का विरोधी नहीं, बल्कि इसकी प्रक्रिया का हम विरोध कर रहे हैं। इसमें जो पारदर्शिता होनी चाहिए, जिस ईमानदारी और निष्पक्ष होकर चुनाव आयोग को काम करना चाहिए था वो यह नहीं कर रहा है। हम इसका विरोध कर रहे हैं। शर्म की बात है कि चुनाव आयोग को सूत्रों से खबर मिलती है कि बिहार में बाहर से लोग आ गए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग ने ग्यारह कागजात माने हैं। बिहार में गरीबों के पास कागजात नहीं है। चुनाव आयोग ने आधार कार्ड, राशन कार्ड और मनरेगा कार्ड को दस्तावेज से क्यों नहीं जोड़ा? साढ़े चार करोड़ बिहार के लोग बाहर पलायन कर गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम निष्पक्ष चुनाव कराना है नागरिकता साबित करना नहीं। तेजस्वी यादव ने सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बगल में बैठे दोनों उपमुख्यमंत्री को लेकर कहा कि दोनों डिप्टी सीएम सूत्र के हवाले से कहने लगे कि नेपाली आ गए, बांग्लादेशी आ गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।