'मैं जो कह रहा हूं शायद JDU नेता...', निशांत के जन्मदिन के बहाने उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश से साझा की मन की बात
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के जन्मदिन पर राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने बधाई दी। कुशवाहा ने नीतीश कुमार से सरकार और पार्टी के संचालन पर ध्यान देने का आग्रह किया। एक पोस्ट के जरिए कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपने मन की भावना भी साझा की है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते पुत्र निशांत का आज (20 जुलाई रविवार) को जन्म दिवस है। निशांत के जन्मदिन पर राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने निशांत को उनके जन्मदिन की बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि खुशी के इस अवसर पर जेडीयू की नई उम्मीद निशांत को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। ईश्वर उसे हमेशा स्वस्थ एवं प्रसन्नचित्त रखें। निशांत को बधाई देने के बहाने कुशवाहा ने नीतीश कुमार के लिए अपने एक्स पर एक लंबी पोस्ट भी लिखी है।
एक्स पर की मन की बात
अपनी इस पोस्ट में कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपने मन की भावना भी साझा की है। साथ ही उन्हें उनके दायित्व का अहसास कराने की कोशिश भी की है।
कुशवाहा ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि नीतीश कुमार जी से अति विनम्र आग्रह है कि समय और परिस्थिति की नजाकत को समझते हुए इस सच को स्वीकार करने की कृपा करें कि अब सरकार और पार्टी दोनों का (साथ-साथ) संचालन स्वयं उनके लिए भी उचित नहीं है।
सरकार चलाने का उनका लंबा अनुभव है जिसका लाभ राज्य को आगे भी मिलता रहे, यह फिलहाल राज्य हित में अतिआवश्यक है।
परन्तु, पार्टी की जवाबदेही के हस्तांतरण (जो वक्त मेरी ही नहीं स्वयं उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं/नेताओं की राय में अब आ चुका है) के विषय पर समय रहते ठोस फैसला ले लें।
यही उनके दल के हित में है और इसमें विलंब दल के लिए अपूर्णीय नुकसान का कारण बन सकता है। शायद ऐसा नुकसान जिसकी भरपाई कभी हो भी नहीं पाये।
अपनी पोस्ट में उपेंद्र कुशवाहा ने एक नोट भी लगाया है जिसमें लिखा है कि मैं जो कुछ कह रहा हूं, जदयू के नेता शायद मुख्यमंत्री जी से कह नहीं पाएंगे और कुछ लोग कह भी सकते हों, तो वैसे लोग वहां तक पहुंच ही नहीं पाते होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।