'गुड़ खाते हैं, गुरम्मा से परहेज', मांझी ने चिराग को याद दिलाया गठबंधन धर्म; बोले- अपराध करवाएं...
जीतन राम मांझी ने चिराग पासवान के बिहार की कानून व्यवस्था पर उठाए सवालों का जवाब दिया। उन्होंने राजद पर अपराध करवाने और सरकार पर आरोप लगाने का आरोप लगाया। मांझी ने कहा कि अब बिहार में माफियाओं की खातिरदारी नहीं होती और पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने विरोधियों की साजिश से सतर्क रहने की बात कही।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार की विधि-व्यवस्था के सवाल उठाने वाले लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को हम के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इशारों में जवाब दिया है।
मांझी ने एक्स पर पोस्ट किया कि अपराध करवाएं राजद वाले और तोहमत लगे सरकार पर, वाह रे गठबंधन धर्म। हमारे यहां एक कहावत है- गुड़ खाते हैं, गुरम्मा से परहेज। यह कैसा इंसाफ है? जो लोग भी सरकार के ऊपर अपराध को लेकर तोहमत लगा रहे हैं क्या वह गठबंधन धर्म का पालन कर रहे हैं?
माफियाओं की होती थी खातिरदारी
मांझी ने कहा कि जो लोग आज अपराध को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि अब बिहार के मुख्यमंत्री निवास में माफियाओं की खातिरदारी नहीं होती है।
बिहार में दो दशक पहले ही यह दौर खत्म हो चुका है। अब बिहार में माफियाओं को ठोक दिया जाता है। लॉ एंड ऑर्डर (विधि-व्यवस्था) पर सवाल उठाना आसान है।
उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव है और विरोधियों की साजिश के इस दौर में मजबूती से साथ खड़े रहने की जरूरत है। हर तरह के अपराध के बावजूद बिहार की पुलिस कार्रवाई कर रही है। अपराधी पकड़े जा रहे हैं और उनका ट्रायल भी हो रहा है।
चिराग ने फेसबुक पर किया था पोस्ट
राज्य में कानून-व्यवस्था को ध्वस्त बता रहे चिराग ने शनिवार को अपने फेसबुक पर पोस्ट किया- बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे ? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।