'हर बार आनंद मोहन को ही बलि का बकरा क्यों बनाया जाता है?' रिहाई रद होने पर भड़कीं सांसद लवली आनंद
पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर उनकी पत्नी लवली आनंद ने नाराजगी जताई।

जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व सांसद आनंद मोहन और उनकी पत्नी लवली आनंद अपने परिवार के सदस्यों के साथ। (फोटो- ANI)
HighLights
लवली आनंद ने आनंद मोहन की रिहाई रद होने पर नाराजगी व्यक्त की।
अन्य 36 कैदियों की तरह आनंद मोहन को क्यों निशाना बनाया?
लोकप्रियता ही आनंद मोहन की सबसे बड़ी दुश्मन बन गई है।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के चर्चित पूर्व सांसद आनंद मोहन की जेल से रिहाई निरस्त किए जाने के फैसले पर उनकी पत्नी और शिवहर से जदयू की लोकसभा सांसद लवली आनंद ने गहरी नाराजगी जताई है।
शनिवार को पटना में समर्थकों के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने पूछा कि जब एक ही नियम के तहत राज्य में 36 अन्य कैदियों को भी छोड़ा गया था, तो फिर हर बार अकेले आनंद मोहन को ही निशाना बनाकर 'बलि का बकरा' क्यों बनाया जाता है?
लोकप्रियता ही बन गई है सबसे बड़ी दुश्मन
इस बैठक में पूर्व सांसद आनंद मोहन और उनके विधायक पुत्र चेतन आनंद भी उपस्थित रहे। लवली आनंद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से देशभर में एक समान कानून लागू करने का निर्देश दिया गया था, जिसके आधार पर बिहार सरकार ने नियमों में संशोधन किया।
इसी कानूनी प्रावधान के तहत आनंद मोहन समेत कुल 37 लोगों को रिहाई मिली थी। लवली आनंद ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के इस आदेश का लाभ देशभर के हजारों लोगों को मिला, लेकिन केवल आनंद मोहन की रिहाई पर ही गाज क्यों गिराई गई?
सांसद लवली आनंद ने आरोप लगाया कि उनके पति के साथ लाखों लोगों का जनसमर्थन जुड़ा है और आज यही लोकप्रियता उनकी सबसे बड़ी दुश्मन बन गई है।
'न्यायपालिका का पूरा सम्मान'
तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड का जिक्र करते हुए लवली आनंद भावुक हो गईं और कहा कि इस पूरे प्रकरण में उन्हें भी बेवजह प्रताड़ित किया गया और जेल भेजकर विक्टिम बनाया गया।
उन्होंने दावा किया कि जिस गांव में यह घटना घटी थी, वहां वे लोग मौजूद ही नहीं थे और इस पहलू की ठीक से जांच भी नहीं हुई। उन्होंने याद दिलाया कि पटना हाईकोर्ट के तत्कालीन चीफ जस्टिस एस.एन. झा की बेंच ने उन्हें निर्दोष मानते हुए जमानत दी थी।
उस कठिन दौर में पति के जेल में होने के कारण उन्हें अपने बच्चों को हॉस्टल में रखकर पढ़ाना पड़ा। हालांकि, लवली आनंद ने स्पष्ट किया कि वे न्यायपालिका का पूरा सम्मान करती हैं और अदालत की प्रक्रिया पर कोई सवाल नहीं उठा रही हैं, बल्कि 2007 में सजा सुनाए जाने के समय के कानूनी पहलुओं पर गौर करने की बात कह रही हैं।
यह भी पढ़ें- आनंद मोहन का बड़ा सवाल- क्या सिर्फ मुझे ही जाना होगा जेल या नियम संशोधन से छूटे सभी 3 हजार लोग वापस जाएंगे?
यह भी पढ़ें- सरेंडर से पहले अपने गांव पहुंचे आनंद मोहन, बोले- मेरी बढ़ती लोकप्रियता ही मेरी सबसे बड़ी दुश्मन बनी
यह भी पढ़ें- आनंद मोहन की रिहाई रद होने के बाद फिर चर्चा में DM जी. कृष्णैया हत्याकांड, ड्राइवर की आंखों देखी कहानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।