आनंद मोहन की रिहाई रद होने के बाद फिर चर्चा में DM जी. कृष्णैया हत्याकांड, ड्राइवर की आंखों देखी कहानी
सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है, जिससे 32 साल पुराना डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड फिर सुर्खियों में आ गया है। यह मामला 1994 में मुजफ्फरपुर में डीएम की भीड़ द्वारा हत्या से जुड़ा है, और अब आनंद मोहन को एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया गया है।

कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पूर्व डीएम जी कृष्णौया की प्रतिमा। जागरण
रजत कुमार, गोपालगंज। तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस बाबत आदेश दिया।
इसमें पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश रद किए जाने और उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश् दिए जाने के बाद 32 साल पुराने इस चर्चित हत्याकांड की यादें ताजा हो गई हैं।
इस घटना के दौरान डीएम की सरकारी एंबेसडर कार चला रहे चालक दीपक कुमार के आंखों देखे बयान भी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
5 दिसंबर 1994 को हुई थी डीएम की हत्या
पांच दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर जिले के खबड़ा इलाके में हुई इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस दिन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया पटना में एक बैठक में शामिल होने गए थे।
वहां से सरकारी वाहन से गोपालगंज लौट रहे थे। इसी बीच मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा गुजर रही थी। शवयात्रा के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा थी।
इसी बीच डीएम की एंबेसडर कार भीड़ के बीच पहुंच गई। चालक दीपक कुमार के अनुसार, अचानक आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
जी कृष्णैया की पीट-पीटकर ले ली थी जान
देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ ने डीएम को गाड़ी से बाहर निकालकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस घटना ने प्रशासनिक महकमे के साथ पूरे देश में सनसनी फैला दी थी। इस मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था।
निचली अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी, जिसे पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2012 में उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।
अप्रैल 2023 में बिहार सरकार की सजा माफी नीति में बदलाव के बाद आनंद मोहन को जेल से रिहा कर दिया गया था। अब 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने इस रिहाई को रद करते हुए संबंधित संशोधन को असंवैधानिक करार दिया है।
शीर्ष अदालत के इस फैसले से एक बार फिर जी. कृष्णैया हत्याकांड और उस दिन की भयावह घटना चर्चा के केंद्र में आ गई है।