नीट छात्रा मौत: जन सुराज पार्टी ने सीबीआई जांच पर सवाल उठाए, निष्पक्ष जांच और त्वरित खुलासे की मांग
जन सुराज पार्टी ने नीट छात्रा दुष्कर्म मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी ने सीबीआई को मामला सौंपने पर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, क्योंकि इससे साक्ष्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर भी चिंता जताई। विपक्षी नेता भी सरकार पर हमलावर हैं, जबकि मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रेस वार्ता करते जेपी सिंह व रामबली चंद्रवंशी।
HighLights
जन सुराज ने नीट छात्रा मामले में निष्पक्ष जांच मांगी।
सीबीआई जांच में देरी से साक्ष्य प्रभावित होने का आरोप।
बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठे।
राज्य ब्यूरो, पटना। जन सुराज पार्टी (JSP) ने नीट छात्रा मामले में पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष जांच पूरी कर अविलंब रहस्योद्घाटन की मांग की है।
आईपीएस अफसर रहे जेपी सिंह और पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि इस मामले को सीबीआइ को सौंपे जाने से राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
जांच में हुई देरी के कारण अब न तो पीड़िता का दोबारा पोस्टमार्टम संभव है और ना ही कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों की स्वतंत्र जांच हो सकती है।
लापरवाही से प्रभावित होती न्याय प्रक्रिया
इस प्रकार की लापरवाही से न्याय प्रक्रिया प्रभावित होती है। सरकार बिहार की 13 करोड़ जनता की सुरक्षा और न्याय के लिए जिम्मेदार है और इस प्रकरण में सरकार को अपना दायित्व तय करना होगा।
सरकार जब तक इस मामले मेंं पारदर्शी और ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक जसुपा जनता के साथ मिलकर प्रश्न उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता में राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए गए। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
राजधानी में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत मामले को लेकर सियासत गर्म है। विपक्षी दलों के नेता इस मामले में सरकार पर लगातार हमलावर हैं।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव समेत कई नेताओं ने इसको लेकर सरकार को घेरा है। वहीं इस मामले में मृतका के स्वजनों ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। बहरहाल मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है।
यह भी पढ़ें- ‘तीन लड़कों ने किया दुष्कर्म’; नीट छात्रा मौत पर MP पप्पू यादव का बड़ा आरोप, BJP पर हमला
यह भी पढ़ें- नीट छात्रा मौत: मुख्यमंत्री जी, इंसाफ की गुंजाइश नहीं दिखती…; रोहिणी आचार्य का तीखा हमला
यह भी पढ़ें- नीट छात्रा मौत केस: डीजीपी से मुलाकात के बाद स्वजनों का गंभीर आरोप, ‘आत्महत्या मानने का दबाव दे रही पुलिस’