विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट छात्रा मौत केस: डीजीपी से मुलाकात के बाद स्वजनों का गंभीर आरोप, ‘आत्महत्या मानने का दबाव दे रही पुलिस’

Published: Fri, 30 Jan 2026 07:37 PM (IST)

पटना के हॉस्टल में संदिग्ध रूप से मृत जहानाबाद की नीट छात्रा के परिजनों ने डीजीपी से मुलाकात के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस आत्महत्या मानने का दबाव बना रही है और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है। परिजनों ने पुलिस के डायरी और पुरानी पार्टी संबंधी दावों को खारिज करते हुए निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

नीट छात्रा की मौत मामले में सीबीआइ जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन करतीं मगध महिला कालेज की छात्राएं। जागरण

नीट छात्रा की मौत मामले में सीबीआइ जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन करतीं मगध महिला कालेज की छात्राएं। जागरण

HighLights

  1. पुलिस पर आत्महत्या मानने का दबाव बनाने का आरोप।

  2. डीजीपी ने डायरी दिखाई, सीबीआई जांच की धमकी दी।

  3. परिजनों ने उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच की मांग की।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। पटना स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध मौत को लेकर उसके स्वजनों की नाराजगी पुलिस प्रशासन के प्रति लगातार बढ़ती जा रही है।

शुक्रवार को डीजीपी से मुलाकात कर जहानाबाद लौटने के बाद छात्रा के माता-पिता ने पुलिस अधिकारियों पर मामले को रफा-दफा करने का गंभीर आरोप लगाया है।

छात्रा की मां ने बताया कि डीजीपी के बुलावे पर हम लोग पटना गए थे, लेकिन वहां न्याय दिलाने के बजाय उन्हें समझौते की सलाह दी जाने लगी।

समझौते की दी गई सलाह 

उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान यह कहा गया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है। इसे साबित करने के लिए डीजीपी द्वारा एक डायरी दिखाई गई, जिसे बेटी द्वारा लिखा गया बताया गया।

हालांकि स्वजनों का कहना है कि डायरी में कहीं भी ऐसा कोई शब्द या संकेत नहीं है जिससे यह स्पष्ट हो कि छात्रा ने आत्महत्या की हो।

माता का आरोप है कि जब उन्होंने आत्महत्या की बात मानने से इनकार किया तो उन्हें यह कहा गया कि यदि वे लोग नहीं मानेंगे तो मामला सीबीआई को सौंप दिया जाएगा और फिर चार वर्षों तक न्याय के लिए भटकना पड़ेगा। 

छात्रा के माता-पिता ने पुलिस द्वारा जहानाबाद के एक होटल में पार्टी से जुड़े कथित मामले को भी सिरे से खारिज किया है।

उनका कहना है कि जिस पार्टी की बात पुलिस कर रही है, वह घटना दो साल पुरानी है, जब उनकी बेटी अपने एक दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल हुई थी।

शुरू से आत्‍महत्‍या का रूप देने की कोश‍िश कर रही पुलिस 

यह भी पढ़ें- NEET छात्रा की मौत का मामला पटना हाईकोर्ट पहुंचा, 2 महिलाओं ने दायर की PIL; लगाए 6 आरोप

स्वजन के अनुसार, उस पुराने मामले को वर्तमान घटना से जोड़कर गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। छात्रा की मां ने यह भी आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों को लेकर भी मौखिक रूप से गलत बातें कही गईं।

उन्होंने कहा कि पुलिस शुरू से ही पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रही है, जबकि कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।

स्वजन ने निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, वे चुप नहीं बैठेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।