Bihar Politics: एनडीए के उप राष्ट्रपति उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का समर्थन करेगा जदयू, नीतीश कुमार ने किया ऐलान
एनडीए के उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू जगदीप धनखड़ का समर्थन करेगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं भी दी हैं। बिहार भाजपा के नेताओं ने भी पीएम के फैसले का स्वागत किया है।

राज्य ब्यूरो, पटना : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को एनडीए के उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू जगदीप धनखड़ का समर्थन करेगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं भी दी हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने जगदीप धनखड़ को उप राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बधाई दी। वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, शाहनवाज हुसैन ने भी पीएम के निर्णय का स्वागत किया।
रेणु देवी ने की जीत की कामना
जगदीप धनखड़ को एनडीए के उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित करने का उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि जगदीप धनखड़ एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। वे 2019 से बंगाल के लोकप्रिय राज्यपाल रहे हैं। उनके पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है। जगदीप एक प्रतिष्ठित वकील भी रहे हैं। वे उप राष्ट्रपति पद के सर्वथा योग्य उम्मीदवार हैं। रेणु देवी ने चुनाव में उनकी जीत की कामना की है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद के लिए बीजेपी और एनडीए का प्रत्याशी बनाए जाने पर बधाई दी है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस फैसले से देश के किसानों का मान बढ़ा है, अपने संघर्ष और लगन से देश को सींचने वाले भारत के दूरदराज गांवो में बसे मेहनतकश और ऊर्जावान देशवासियों को सम्मान मिला है।
सार्वजनिक जीवन का तीन दशक प्रेरणास्पद गाथा
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि देश के उप राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का जीवन कड़ी मेहनत, संघर्ष और आत्मबल के दम पर ऊंचे लक्ष्य को हासिल करने की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने कहा कि किसान पुत्र से कुशल प्रशासक बनने और फिर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में अमिट छाप छोड़ने तक का उनके सार्वजनिक जीवन का तीन दशक प्रेरणास्पद गाथा है। निश्चित तौर पर देश के उप राष्ट्रपति के रूप में जगदीप धनखड़ का योगदान अप्रतिम और अद्वितीय होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।