IPS सुनील कुमार झा को मिल गया प्रमोशन, केंद्र सरकार ने इस विभाग में बनाया डीजी; जारी हुआ नोटिफिकेशन
केंद्र सरकार ने 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार झा को डीजी रैंक में पदोन्नत किया है उन्हें अग्निशमन सेवाएं सिविल डिफेंस व होमगार्ड का महानिदेशक बनाया गया है। इसके अतिरिक्त 1996 बैच के नैय्यर हसनैन खान और 1997 बैच के ओमेंद्र नाथ भास्कर को एडीजी रैंक में शामिल किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने 30 सिपाहियों को केंद्रीय चयन पर्षद में तैनात करने का आदेश जारी किया है।

राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात वर्ष 1993 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सुनील कुमार झा को केंद्र सरकार ने पुलिस महानिदेशक (डीजी) रैंक में प्रोन्नत किया है।
वे फिलहाल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात थे। उन्हें प्रोन्नति देने के बाद अग्निशमन सेवाएं, सिविल डिफेंस व होमगार्ड का महानिदेशक (डीजी) बनाया गया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
कार्मिक जन शिकायत एवं पेंशन सेवाएं मंत्रालय की अप्वाइंटमेंट कमेटी आफ द कैबिनेट सचिवालय की अधिसूचना के अनुसार 1996 बैच बिहार कैडर के पुलिस सेवा के अधिकारी नैय्यर हसनैन खान और 1997 बैच के पुलिस अधिकारी ओमेंद्र नाथ भास्कर को एडीजी रैंक में इम्पैनल किया है।
दोनों पदाधिकारी बिहार सरकार में पहले से ही एडीजी कैडर में इम्पैनल हैं। नैय्यर हसनैन खां बिहार में आर्थिक अपराध इकाई के एडीजी हैं, जबकि ओमेंद्र नाथ भास्कर केंद्रीय प्रतिनियुति पर हैं।
30 सिपाहियों का केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) में पदस्थापन
पुलिस मुख्यालय ने 30 सिपाहियों का केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) में पदस्थापन किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक चयन पर्षद ने परीक्षाओं की तैयारी, अनुश्रवण, संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण व निगरानी के लिए सिपाहियों के पदस्थापन का अनुरोध किया था।
जिसके बाद पुलिस मुख्यालय ने विभिन्न जिलों में तैनात 30 सिपाहियों के केंद्रीय चयन पर्षद में पदस्थापन का आदेश जारी कर दिया है। सभी क्षेत्रीय आईजी-डीआईजी को 15 दिन के भीतर संबंधित सिपाहियों को विरमित करना होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।