Bihar Police Insurance: दुर्घटना में मौत पर पुलिसकर्मियों को 2.30 करोड़ तक बीमा कवर, बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ करार
बिहार के पुलिसकर्मियों को अब करीब 2.30 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। इसके अलावा अन्य राशि अलग-अलग अहर्ता के हिसाब से मिलेगी। इसको लेकर बिहार पुलिस और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच शुक्रवार को समझौता हुआ। इस सैलरी पैकेज के माध्यम से पहली बार सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजन भी लाभांवित होंगे। बिहार पुलिस एसोसिएशन ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस में सिपाही से पुलिस महानिदेशक (डीजी) तक सभी कैडर के पुलिसकर्मियों को अब करीब 2.30 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। इसके तहत सभी रैंक के बलिदानी पुलिसकर्मियों के आश्रितों को एकसमान 1.50 करोड़ की राशि दी जाएगी। इसके अलावा अन्य राशि अलग-अलग अहर्ता के हिसाब से मिलेगी।
पहली बार सेवारत पुलिसकर्मी की सामान्य मृत्यु होने पर भी 20 लाख की राशि देने की व्यवस्था की गई है। यह राशि आत्महत्या पर भी दी जाएगी। अभी तक सामान्य मृत्यु पर कोई राशि नहीं दी जाती थी। यह राशि बिहार पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलेगी। इसको लेकर बिहार पुलिस और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच शुक्रवार को समझौता हुआ।
इस सैलरी पैकेज के माध्यम से पहली बार सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजन भी लाभांवित होंगे। पुलिस मुख्यालय में हुए एमओयू के दौरान एआइजी कल्याण विशाल शर्मा, एसपी कार्मिक उपेंद्र प्रसाद एवं शशि शेखर के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक चंद्रमणि त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक नलिन कुमार और वरिष्ठ प्रबंधक संजीत सिंह उपिस्थत थे।
एक लाख पुलिसकर्मियों को मिलेगा सैलरी पैकेज का लाभ
बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया है। एआईजी विशाल शर्मा ने बताया कि बिहार पुलिस सैलरी पैकेज योजना का लाभ एक लाख से अधिक पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों को मिलेगा। पैकेज के तहत सभी प्रकार की बीमा सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। यह पैकेज सभी कर्मियों के लिए स्वैच्छिक होगा।
क्या है बीमा कवर?
उन्होंने बताया कि पहले व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर पांच से 20 लाख तक था जो इस साल जुलाई में बढ़कर 50 लाख किया गया था। अब इस विशेष सैलरी पैकेज में इसे बढ़ाकर डेढ़ करोड़ कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त भी कई लाभ हैं, जिसे मिलाकर करीब दो करोड़ 30 लाख तक की राशि मिलने की संभावना है। आतंकवाद या नक्सल विरोधी अभियान में शामिल कर्मियों को भी डेढ़ करोड़ का कवर मिलेगा। हवाई दुर्घटना में मौत पर डेढ़ करोड़ का अतिरिक्त कवर प्रदान किया जाएगा।
प्लास्टिक सर्जरी, एयर एंबुलेंस कवर, दवाओं की लागत और कोमा के बाद मृत्यु (48 घंटे बाद) के लिए दस लाख तक का अतिरिक्त कवर प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा लाकर शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट, मुफ्त डेबिट-क्रेडिट कार्ड, शून्य बैलेंस खाता, कर्मियों के पर्सनल लोन और डीमैट खाते के शुल्क में भी छूट दी जाएगी। योजना के तहत सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के लिए भी 75 लाख का बीमा कवर होगा। विकलांगता के लिए भी 75 लाख तक का कवर दिया जाएगा।
पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को भी शून्य बैलेंस खाता, मुफ्त डेबिट और क्रेडिट कार्ड आदि की सुविधा दी जाएगी। दुर्घटना में मृत्यु पर बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 7.5 लाख और बेटियों की शादी के लिए भी 7.5 लाख तक का कवर दिया जाएगा। इस पूरे पैकेज की तीन माह बाद समीक्षा होगी जिसमें देखा जाएगा कि इसका लाभ पुलिसकर्मियों को मिल रहा है या नहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।