अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसना होमगार्ड जवान को पड़ा महंगा, लाइन हाजिर
मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसने वाले होमगार्ड जवान सतीश कुमार को पटना ट्रैफिक पुलिस ने लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई शादी समारोह का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई, जिसमें जवान अपनी ड्यूटी छोड़कर निजी कार्यक्रम में शामिल था।

ड्यूटी छोड़ निजी समारोह में खाना परोसने का आरोप
HighLights
होमगार्ड जवान ने अनंत सिंह की बेटी की शादी में खाना परोसा।
वर्दी में ड्यूटी छोड़ निजी समारोह में शामिल होने पर कार्रवाई।
वायरल वीडियो के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने लाइन हाजिर किया।
जागरण संवाददाता, पटना। मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसना होमगार्ड जवान को महंगा पड़ गया। शादी समारोह का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित जवान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने जवान को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय बुलाने का आदेश जारी किया है।
ड्यूटी छोड़ निजी समारोह में खाना परोसने का आरोप
जवान की पहचान गृहरक्षक सतीश कुमार के रूप में हुई है। उसकी तैनाती शादी समारोह स्थल के समीप सड़क पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए की गई थी। निर्धारित ड्यूटी निभाने के बजाय वह वर्दी पहनकर शादी समारोह में खाना परोसते नजर आए। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो की सत्यता की जांच, मांगा गया स्पष्टीकरण
ट्रैफिक एसपी ने मामले में कार्रवाई करते हुए जवान से पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही प्रसारित वीडियो की सत्यता की जांच कराने का निर्देश दिया गया है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर जवान के विरुद्ध आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह के गांव में भारी भीड़: रेस के लिए 200 घोड़े पहुंचे; पर कैंसिल करनी पड़ी घुड़दौड़, अब कल होगी
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी शिवांगी ने ऋषिकेश को पहनाई वरमाला, पवन सिंह ने बांधा समां; आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
यह भी पढ़ें- सिंदूर थोड़ा नहीं, पूरी मांग और नाक तक... यही है बिहार का दस्तूर, अनंत सिंह की बेटी की तस्वीर से यश माहेश्वरी को जवाब