Bihar Flood: गंगा का जलस्तर में आई कमी, पुनपुन नदी में बढ़ रहा पानी; एक लाख लोग अब भी बेघर
पटना जिले में गंगा का जलस्तर तेजी से घट रहा है जिससे बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। कई घाटों पर जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है जबकि पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध करा रहा है और विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। जिले में गंगा का जलस्तर तेजी से घट रहा है। रविवार को 24 घंटे में जिले के विभिन्न घाटों पर गंगा का जलस्तर 20 से 25 सेंटीमीटर कम हुआ है। वहीं, मुंगेर में गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसके विपरीत पटना जिले के पुनपुन के जलस्तर में वृद्धि जारी है।
पिछले 24 घंटे में मनेर में गंगा का जलस्तर 53.15 से घटकर 52.90 मीटर, दीघा घाट में 51.46 से घटकर 51.24 मीटर, गांधी घाट में 50 से घटकर 49.89 मीटर, हाथीदह में 43.21 से घटकर 43.13 मीटर हो गया है। वहीं, मुंगेर में गंगा का जलस्तर 39.81 से बढ़कर 39.87 मीटर हो गया है।
इसी तरह पुनपुन नदी का जलस्तर 51.89 मीटर से बढ़कर 52.01 मीटर हो गया है। जिले के 7 प्रखंडों अथमलगोला, बाढ़, दानापुर, दनियावां, मनेर, मोकामा और पटना सदर की 24 पंचायतों के लगभग 99 हजार 569 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। जिला प्रशासन ने अब तक 6 सामुदायिक रसोई केंद्रों से 26 हजार से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया है।
साथ ही, दो बाढ़ राहत शिविरों में 1306 लोगों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है। 5172 सूखा राशन पैकेट, 5383 पॉलीथिन शीट का वितरण करने के साथ-साथ आवागमन की सुविधा के लिए 104 नावों का परिचालन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक रसोई केंद्रों का संचालन, सूखा राशन वितरण, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, नाव परिचालन, पशुचारा वितरण, पशु चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, तटबंधों की निगरानी सहित आपदा प्रबंधन के हर कार्य मानक के अनुरूप किए जा रहे हैं।
बच्चों, महिलाओं, किसानों, बुजुर्गों से सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया जा रहा है। आम जनता किसी भी प्रकार की सूचना 112, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 0612-2210118 या जिला नियंत्रण कक्ष 0612-2219810 और 2219234 पर डायल कर दे सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।