महिला सिपाही मर्डर केस : SSB जवान से नजदीकी शोभा के लिए बनी काल, गिरफ्तार पति ने बताया कैसे चली गोली
पटना के एक होटल में महिला सिपाही की हुई हत्या के मामले में पति आरोपित पति गजेंद्र यादव ने रविवार को जहानाबाद के काको थाने में आत्म समर्पण कर दिया। पटना के कोतवाली थाने की पुलिस भी पूछताछ करने काको थाने पहुंची थी। पूछताछ में पता चला कि गजेंद्र शोभा पर शक करता था।

जागरण टीम, पटना/जहानाबाद। पटना जंक्शन के पास स्थित होटल मीनाक्षी के कमरा नंबर 303 में सिपाही शोभा कुमारी की हत्या में आरोपित पति गजेंद्र यादव ने रविवार को जहानाबाद के काको थाने में आत्म समर्पण कर दिया। पटना के कोतवाली थाने की पुलिस भी पूछताछ करने काको थाने पहुंची थी।
पूछताछ में पता चला कि गजेंद्र शोभा पर शक करता था। उसे संदेह था कि शोभा की एसएसबी के एक जवान से नजदीकी बढ़ गई है। इसके बाद से वह जवान से दूरी बनाने के लिए पत्नी पर दबाव बना रहा था। यहां तक की पत्नी का मोबाइल कब आनलाइन रहता था? कितने बजे उसका फोन व्यस्त रहता था? समय तक नोट करता था।
पुलिस की मानें तो जहानाबाद से ही उसने कट्टा खरीदा और पटना आने के बाद पत्नी को होटल में बुलाया। पूछताछ में कभी वह हत्या के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहरा रहा था तो कभी स्वयं को।
उसका कहना है कि हथियार की छीना-झपटी में गोली चली, जिसके लगने से शोभा की मौत हो गई। घटना के बाद वह बस से जहानाबाद चला गया था। देर शाम कोतवाली पुलिस उसे पटना लेकर आई। उससे पूछताछ अभी जारी है।
सात वर्ष पहले किया था प्रेम विवाह
काको थाना क्षेत्र का दमुहां गांव निवासी गजेंद्र गणित का शिक्षक है। जहानाबाद में ही कोचिंग पढ़ाता है। अरवल जिले के कुर्था थाना के सुरा गांव की शोभा कुमारी से सात वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। उनकी एक बेटी है, जो चार वर्ष की है। पांच वर्ष तक दोनों राजी खुशी रहे।
शादी के छठे वर्ष में पत्नी शोभा की पुलिस में नौकरी लग गई, इसके बाद वह कथित तौर पर एसएसबी के एक जवान के निकट आ गई थी। शुरू में गजेंद्र को लगा कि वह सिर्फ दोस्त है, लेकिन बाद में संदेह गहराता गया। शोभा का ससुराल आना कम हो गया।
गजेंद्र से बातचीत कम हो गई। ट्रेनिंग पूरी भी नहीं हुई कि गजेंद्र शोभा पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाने लगा। इस कारण उनके संबंध बिगड़ते चले गए।
20 अक्टूबर को हुई थी शोभा की हत्या
पटना रेलवे स्टेशन के निकट मीनाक्षी होटल के कमरे से गत 20 अक्टूबर की दोपहर पुलिस ने 2022 बैच की महिला सिपाही शोभा कुमारी का शव बरामद किया था। कमरे से दो कट्टे व कारतूस मिले थे। पति गजेंद्र कुमार ने घटना से एक दिन पहले होटल बुक किया था।
20 अक्टूबर की सुबह उससे मिलने के लिए शोभा होटल में पहुंची थी। वहां से दोनों ने बाजार में जाकर कुछ खरीदारी की, फिर लौटकर होटल पहुंचे। कुछ देर बाद शोभा की हत्या कर गजेंद्र वहां से भाग निकला था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।