दिल्ली में होगा 'खेला'? वोटिंग से 15 दिन पहले अखिलेश को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कांग्रेस ने खोले पत्ते
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोनिया गांधी राहुल गांधी के साथ बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद समेत 40 नेताओं को शामिल किया गया है। डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह कांग्रेस के पुराने नेता हैं और अब तक कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। दिल्ली में पूर्वांचल के मतदाताओं के बीच उनकी गहरी पैठ है।

राज्य ब्यूरो, पटना। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Election 2025) के लिए अगले महीने वोट डाले जाने हैं। इसके पहले राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची (Delhi Congress Star Campaigners List) जारी कर दी है।
स्टार प्रचारकों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ ही बिहार कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डॉ. अखिलेश प्रसाद समेत 40 नेताओं को शामिल किया गया है। कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
कन्हैया कुमार को भी मिली जगह
पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) को भी अपना स्टार प्रचारक नियुक्त किया है।
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह। फाइल फोटो- PTI
स्टार प्रचारकों की सूची में प्रमुख नाम
स्टार प्रचारकों में कुछ प्रमुख नामों में प्रियंका गांधी वाड्रा , अजय माकन, अशोक गहलोत, मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा, सचिन पायलट, चरणजीत सिंह चन्नी, दीपेंदर सिंह हुड्डा के साथ बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह समेत अन्य नेताओं के नाम हैं।
डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह कांग्रेस के पुराने नेता हैं और अब तक कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री, केंद्र सरकार में कृषि राज्य मंत्री सह उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण के साथ राज्यसभा सदस्य तक के पद पर रहे हैं। वर्तमान में भी वे राज्यसभा के सदस्य के साथ ही बिहार कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं।
दिल्ली में अखिलेश प्रसाद को क्यों बनाया स्टार प्रचारक?
दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के मतदाताओं के बीच इनकी गहरी पैठ है, इसलिए उन्हें विगत दिनों पूर्वांचल के लिए हुए विशेष घोषणाओं में भी आमंत्रित किया गया था।
लगातार पूर्वांचल के लोगों से जुड़े रहने वाले डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह के स्टार प्रचारक बनाए जाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने हर्ष जाहिर किया और उन्हें बधाई दी है।
फरवरी से कांग्रेस शुरू करेगी जय बापू, जय भीम, जय संविधान सम्मेलन: डॉ. अखिलेश
इस वर्ष राज्य में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस हर जिले में जय बापू, जय भीम, जय संविधान सम्मेलन आयोजित करेगी। यह जानकारी रविवार को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने दी।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस के साथ ही राज्य कांग्रेस भी ऐसा आयोजन करना चाहती थी। अब फरवरी के पहले सप्ताह से यह कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही अलग से जिलों में संयोजक भी नियुक्त किए जाएंगे। चंपारण से आयोजन संभावित है। इसके बाद बक्सर, सासाराम व अन्य जगह जय बापू, जय भीम, जय संविधान सम्मेलन होगा।
राहुल गांधी द्वारा बिहार की जाति आधारित गणना को फर्जी बताने से जुड़े एक सवाल पर डॉ. अखिलेश ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हर जगह जाति आधारित गणना को लेकर अपना पक्ष रखते रहे हैं, लेकिन बिहार सरकार जिस जाति आधारित गणना की बात करती है उसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
उन्होंने कहा, यदि इस बारे में सवाल पूछा जाता है तो मुख्यमंत्री कहते हैं मामला कोर्ट में है। वे हमेशा डबल इंजन की सरकार और विकास की बातें करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि जाति आधारित गणना के बाद जिन 95 लाख परिवारों को दो-दो लाख रुपये देने की बात थी वह अब तक क्यों नहीं दिए गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।