बिहार में कांग्रेस लगाएगी प्रियंका गांधी पर दांव, नई जुगत के लिए आलाकमान के पास पहुंचा प्रस्ताव!
कांग्रेस ने अब महिला वोटरों का लुभाने की रणनीति पर काम शुरू किया है। महिला वोटरों को कांग्रेस के साथ जोड़ने की जिम्मेदारी प्रदेश महिला कांग्रेस के साथ ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में सत्ता संघर्ष में जुटी कांग्रेस ने दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ के बाद अब महिला वोटरों का लुभाने की रणनीति पर काम शुरू किया है। पार्टी ने महिला वोटरों को कांग्रेस के साथ जोड़ने की जिम्मेदारी प्रदेश महिला कांग्रेस के साथ ही पार्टी की महिला मोर्चा इकाई को सौंपी है। यही नहीं अपने मकसद को पूरा करने के लिए पार्टी ने केंद्रीय नेतृत्व की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है और पार्टी की युवा नेत्री सांसद प्रियंका गांधी की बिहार यात्रा का प्रस्ताव दिया है।
आक्रामक होकर मैदान उतरने की तैयारी
दरअसल, बीते चुनावों में पार्टी को लगातार मिल चुकी करारी हार से सबक लेते हुए कांग्रेस 2025 के चुनाव में आक्रामक होकर मैदान उतरना चाहती है। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी प्रदेश को भरपूर सहयोग दे रहा है। राहुल गांधी की अब तक चार बिहार यात्राओं का मकसद भी प्रदेश में पार्टी की साख को नई ऊंचाई देना है।
कई बड़े नेता बिहार में सक्रिय
राहुल गांधी के अलावा सचिन पायलट, अलका लांबा, श्रीप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, जिग्नेश मेवाड़ी, कन्हैया भी बिहार में काफी सक्रिय हैं। चुनावों में भले ही अभी देर हो, परंतु इन नेताओं की बिहार यात्राएं हो चुकी हैं। इन नेताओं की यात्रा का मकसद पार्टी से छिटके हुए वोटरों को वापस पार्टी के साथ जोड़ना है।
महिला वोटरों को साधने की जुगत नहीं हो रही
पार्टी लगातार दलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा के लिए कार्यक्रम बना रही है और उसे जमीन पर उतार भी रही है। सिर्फ महिला वोटरों को साधने की जुगत नहीं हो रही थी। पार्टी को इल्म है कि बिहार में करीब साढ़े तीन करोड़ महिला मतदाता हैं। इन्हें साधने के बाद ही सत्ता के नजदीक जाया जा सकता है। लिहाजा पार्टी आलाकमान की सहमति के बाद महिला वोटरों को ध्यान आकर्षित करने अब तक कई कार्यक्रम घोषित किए जा चुके हैं।
प्रखंडों में सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें
पार्टी ने सबसे पहले महिलाओं के लिए प्रखंडों में सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाने की घोषणा की। इसके बाद माई बहन मान योजना की घोषणा की गई। योजना के तहत पात्र महिलाओं को पार्टी ने 25 सौ रुपये की सहायता देने का दावा किया जा रहा है।
प्रियंका गांधी की ओर हाथ बढ़ाया
इसी कड़ी में अब पार्टी ने महिला वोटरों को साधने के लिए प्रियंका गांधी की ओर हाथ बढ़ाया है। सूत्रों ने बताया महिला कांग्रेस ने प्रियंका गांधी के बिहार में कार्यक्रम आयोजन का प्रस्ताव आलाकमान को दिया है। पार्टी को उम्मीद है कि प्रियंका गांधी की स्वीकृति जरूर मिलेगी। अगर प्रियंका बिहार आती हैं, तो यह उनकी पहली बिहार यात्रा होगी। इसके पहले वे बिहार नहीं आई हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।